Cold Wave & Dense Fog Alerts in North India : पहाड़ों से बहकर उत्तर भारत के राज्यों में आ रहीं सर्द हवाएं गलन बढ़ा रही हैं और कुछ हिस्सों में तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से भी नीचे पहुंच गया है। खासकर, पहाड़ों से नजदीक राज्यों पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में शीतलहर और कोहरे के कारण न्यूनतम तापमान तेजी से गिर रहा है, जिससे कड़ाके की सर्दी का सितम बढ़ता जा रहा है। खासकर, पंजाब में अधिकतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया, जिससे राज्यभर में कोल्ड डे जैसी स्थिति है। आइये जानते हैं सबसे कम मैक्सिमम टेंपरेचर वाले जिले कौन हैं?
पंजाब-हरियाणा का न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में नारनौल सबसे ठंडा स्थान है, यहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, भिवानी भी भीषण ठंड की चपेट में रहा, जहां न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस रहा। अम्बाला में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 8.8 डिग्री सेल्सियस, हिसार में 8.2 डिग्री सेल्सियस और करनाल में 8.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। विभाग ने बताया कि पंजाब में बठिंडा राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी के साथ अमृतसर में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 6.6 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 7.1 डिग्री सेल्सियस जबकि गुरदासपुर में यह 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, दोनों राज्यों की राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकांश भागों में भीषण कोहरा छाया नजर आ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, रात में कोहरे में और इजाफा होगा, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित होगी।
अधिकतम तापमान कितना
अगर अधिकतम तापमान की बात करें तो वो भी तेजी से लुढ़क रहा है। पंजाब के बठिंडा में अधिकतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जिससे सिहरन वाली सर्दी का एहसास हो रहा है। आईएमडी की मानें तो अमृतसर में 10.4 डिग्री , फरीदकोट में 11 डिग्री , मनसा में 11.6 डिग्री , अंबाला में 11.6 डिग्री, लुधियाना में 12 डिग्री , करनाल में 12.4 डिग्री, पटियाला में 12.5 डिग्री और दिल्ली के पालम में 14.5 डिग्री सेल्सियस को टच कर गया है। खासकर, पंजाब में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे को देखते हुए सरकार ने स्कूलों में 13 जनवरी तक छुट्टियां घोषित कर दी हैं। 14 जनवरी से अब स्कूल खुलेंगे। उत्तर भारत के कई राज्यों में इसी तरह की स्थिति है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली आदि में भी स्कूल बंद हैं या समय बदल दिया गया है। भारतीय मौसम विभाग ने पंजाब में अगले कुछ दिनों तक घने कोहरे और शीत लहर की चेतावनी जारी की है।
