दिल्ली के पालम इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध एलपीजी गैस रैकेट का पर्दाफाश किया है। एक खाली प्लॉट में गैरकानूनी तरीके से गैस सिलेंडरों की स्टोरेज और रिफिलिंग की जा रही थी। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही भारत गैस के 45 सिलेंडर और अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
खाली प्लॉट पर मिला सिलेंडर से भरा टेंपो
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबित पुलिस ने बताया कि, 28 मार्च 2026 की सुबह करीब 7 बजे हेड कांस्टेबल राजेश को गश्त के दौरान इस अवैध गतिविधि की गुप्त सूचना मिली थी। जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। SI आर.पी. मीणा समेत पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जहां टीम को मौके पर एक टेंपो खड़ा मिला, जिसमें बड़ी संख्या में भारत गैस के घरेलू सिलेंडर भरे हुए थे। जांच के दौरान यह भी पता चला कि प्लॉट में खुले में भी सिलेंडर रखे गए थे। जिनमें अवैध तरीके से गैस एक सिलेंडर से दूसरे में भरी जा रही थी।
आरोपियों में टेंपो ड्राइवर और डिलीवरी बॉय शामिल
गिरफ्तार आरोपियों में टेंपो का ड्राइवर और डिलीवरी बॉय शामिल हैं। जिनकी पहचान अनार सिंह, सत्यवीर और विकास कुमार के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह प्लॉट किराए पर लिया था। इस जगह का इस्तेमाल वे लोग गैस सिलेंडरों का भंडारण और रिफिलिंग के लिए कर रहे थे। यह पूरा काम अवैध तरीके से मुनाफा कमाने के लिए किया जा रहा था। इसके लिए आरोपियों के पास कोई लाइसेंस या अनुमति नहीं थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि इस गतिविधि में जनकपुरी स्थित ब्लू फ्लेम गैस सर्विस के कुछ कर्मचारियों की संलिप्तता हो सकती है। मौके पर एसडीएम द्वारका, बीपीसीएल और फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारियों ने भी पहुंचकर जायजा किया और इस पूरे रैकेट को अवैध पाया। पुलिस को मौके से 45 भारत गैस सिलेंडर, तीन गैस ट्रांसफर नोजल, एक वजन मापने की मशीन और एक टेंपो बरामद हुआ है। सभी सामान को जब्त कर लिया गया है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
