Balrampur Illegal Firecrackers: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चॉकलेट और बिस्किट की दुकान की आड़ में चल रहे अवैध पटाखों के गोदाम का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दुकान के अंडरग्राउंड से 1080 पैकेट अवैध पटाखे बरामद किए हैं। इस मामले में दुकान के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कैसे हुआ खुलासा?
कोतवाली देहात पुलिस ने चुंगी नाका तिराहा, नहरबालागंज स्थित इमरान ट्रेडर्स की दुकान से अवैध पटाखों को बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि इमरान ट्रेडर्स की दुकान में बड़ी मात्रा में अवैध पटाखे छिपाकर रखे गए हैं। सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक नवनीत सिंह और अमित चौहान की टीम ने दुकान पर छापा मारा। दुकान के मालिक की सहमति के बाद पुलिस ने अंडरग्राउंड हिस्से की तलाशी ली।
दुकान के अंडरग्राउंड से मिली पटाखों से भरी बोरियां
पुलिस के अनुसार, अंडरग्राउंड की तलाशी के दौरान वहां 9 हरी प्लास्टिक की बोरियां मिलीं। हर बोरी में 120 पैकेट रखे हुए थे। इस तरह कुल 1080 पैकेट पटाखे बरामद हुए। इनमें छुरछुरी, गाजर, रॉकेट, चकरी, मिर्ची, सुतली, माचिस, सांप और बुलेट पटाखे समेत कई तरह के पटाखे शामिल हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चॉकलेट-बिस्किट बेचने की आड़ में पटाखों की बिक्री कर मुनाफा कमा रहा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी के पास पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित कोई लाइसेंस या अधिकार पत्र नहीं था।
42 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान थाना कोतवाली नगर के ग्राम नीमकौनी अंधियारी बाग निवासी 42 वर्षीय इमरान खान के रूप में हुई है। इस मामले में कोतवाली देहात थाने में मुकदमा अपराध संख्या 360/26 के तहत विस्फोटक अधिनियम (Explosive Act) की धारा 9(बी) और बीएनएस (BNS) की धारा 288 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की आगे की जांच उपनिरीक्षक रामाश्रय प्रसाद को सौंपी गई है। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय व क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक गिरिजेश तिवारी के नेतृत्व में की गई है।
