महाराजगंज में गुरुवार की शाम विजयदशमी शोभायात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। यहां शेखपुरा से परासखाड़ झुंगवा जा रही विजयदशमी शोभायात्रा में शामिल मूर्ति से लदी ट्रॉली 11000 वोल्टेज के झुके तार से टकरा गई, जिससे ट्रॉली में करंट फैल गया और अफरातफरी मच गई। इस हादसे में करंट लगते ही कई लोग जमीन पर गिर पड़े और बुरी तरह झुलस गए। इस हादसे में अखिलेश गुप्ता, रामवती, इंद्रासन और रवीना गंभीर रूप से झुलसे हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शिकायत पर नहीं हुई कार्रवाई
ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। जानकारी के मुताबिक, लंबे समय से हाईटेंशन लाइन झुकी थी। कई बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। फिलहाल, मौके पर दारोगा अजय वर्मा ने बिजली आपूर्ति बंद करवाई है। खैर गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और घायलों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया गया है।
प्रतापगढ़ में हाईटेंशन’ तार की चपेट में आने से 2 की मौत
उधर, प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर रानीगंज थानाक्षेत्र के शाहपुर गांव में बृहस्पतिवार दोपहर मूर्ति विसर्जन के बाद ‘डीजे’ से ‘साउंड बॉक्स’ उतारते समय 11,000 वोल्ट के ‘हाईटेंशन’ तार के करंट की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि शाहपुर गांव में आज दोपहर विजय कुमार सरोज (35) और शनि गौतम (18) मूर्ति विसर्जन के बाद गांव लौट कर ‘साउंड बॉक्स’ उतार रहे थे, तभी ऊपर से गुजर रहे 11,000 वोल्ट के हाईटेंशन तार के करंट की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। उन्होंने बताया कि इलाज के लिए दोनों को ट्रामा सेंटर रानीगंज लाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले गयी।
