Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां एक छह साल की मासूम बच्ची को अमरूद तोड़ने की कथित गलती पर बेरहमी से सजा दी गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, एक रिटायर्ड फौजी ने बच्ची को रस्सी से सीढ़ियों की रेलिंग से बांध दिया, जिससे वह रोते-बिलखते मदद की गुहार लगाती रही। बताया जा रहा है कि मासूम की 'गलती' सिर्फ इतनी थी कि उसने पास में रहने वाले एक रिटायर्ड फौजी के पेड़ से अमरूद तोड़ लिया था।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला ऊना जिले के बहडाला क्षेत्र का बताया जा रहा है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बच्ची सीढ़ियों की रेलिंग से बंधी हुई नजर आ रही है और रोते-बिलखते हुए मदद की गुहार लगा रही है। इस दौरान, मासूम बार-बार वहां मौजूद अन्य शख्स से कह रही है- 'अंकल, मुझे बचा लो...'
रोती बिलखती आवाज
रिटायर्ड फौजी के घर पर जब एक शख्स पहुंचा और उसने मासूम को रोते-बिखलते देखा तो उसने यह जानने की कोशिश की कि आखिर बच्ची को रेलिंग से क्यों बांधा गया है। इस पर रिटायर्ड फौजी ने कहा- इसने हमारे अमरूद तोड़े हैं। इस पर उन्होंने कहा कि अमरूद तोड़ेंगे तो ऐसे मारोगे... इतने में भी रिटायर्ड फौजी को मासूम पर तरस नहीं आया और वह अपनी दलीलें देने लगे। रिटायर्ड फौजी ने फिर कहा कि चोरी करेंगे बच्चे तो...
जांच में जुटी चाइल्डलाइन टीम
फिलहाल इस मामले में पुलिस या प्रशासन के पास कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, चाइल्डलाइन टीम ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। इस घटना को लेकर लोगों में काफी आक्रोश है। साथ ही रिटायर्ड फौजी द्वारा बच्ची को दी गई कथित सजा की कड़ी निंदा की जा रही है।
