शहर

Jhansi News : पुष्प वर्षा या 'हवाई खतरा'? हेलीकॉप्टर की लो फ्लाइंग से अफरातफरी; हलक में आई लोगों की जान

झांसी में कांवड़ यात्रा के दौरान पुष्प वर्षा कर रहे हेलीकॉप्टर के बेहद नीचे उड़ने से तेज हवा का असर सड़क पर दिखा। टेंट-होर्डिंग हिले, ठेला पलटा और बाइक सवार गिरे। पूर्व पायलट ने उड़ान को खतरनाक बताते हुए सुरक्षा पर सवाल उठाए।

Image

झांसी में हेलीकॉप्टर की लो फ्लाइंग से मची अफरातफरी

झांसी में कांवड़ यात्रियों पर पुष्प वर्षा के दौरान हेलीकॉप्टर के कथित तौर पर काफी नीचे उड़ने का मामला सामने आया है। हेलीकॉप्टर के नीचे आने से पैदा हुई तेज हवा के चलते सड़क किनारे लगे होर्डिंग और टेंट हिलने लगे, जबकि कुछ जगहों पर रेहड़ी-ठेले पलटने और बाइक सवारों के गिरने की घटनाएं सामने आईं। इस पूरे घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

दरअसल, 20 अगस्त को झांसी में विशाल कांवड़ यात्रा निकाली गई थी। कांवड़ यात्रियों के स्वागत और पुष्प वर्षा के लिए प्रदेश सरकार की ओर से हेलीकॉप्टर भेजा गया था। पुष्प वर्षा के दौरान हेलीकॉप्टर जब सड़क और भीड़ के ऊपर काफी नीचे आया तो उसके रोटर से पैदा हुई तेज हवा का असर आसपास साफ दिखाई दिया।

बताया जा रहा है कि तेज हवा के कारण कई होर्डिंग और स्वागत के लिए लगाए गए टेंट हिलने लगे। मिशन कंपाउंड गेट के पास चाय की रेहड़ी लगाने वाले का ठेला पलट गया। सड़क से गुजर रहे कुछ बाइक सवार भी असंतुलित होकर गिर गए। कुछ स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूटने की बात भी सामने आई है। लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।

पूर्व पायलट ने उठाए सुरक्षा पर सवाल

वायरल वीडियो को लेकर पूर्व पायलट कैप्टेन सुरेंद्र सिंह ने हेलीकॉप्टर की उड़ान को बेहद गंभीर और खतरनाक बताया है। उनका कहना है कि वीडियो में जिस तरह हेलीकॉप्टर भीड़ और सड़क के काफी करीब नजर आ रहा है, उससे बड़ा हादसा हो सकता था।

कैप्टेन सुरेंद्र सिंह के मुताबिक, हेलीकॉप्टर के रोटर से निकलने वाली तेज हवा जमीन के पास मौजूद लोगों, वाहनों और अस्थायी ढांचों को प्रभावित कर सकती है। ऐसे में भीड़भाड़ वाले इलाके में कम ऊंचाई पर उड़ान भरते समय अतिरिक्त सावधानी जरूरी होती है।

उन्होंने इस फ्लाइंग को DGCA की सुरक्षा गाइडलाइंस के विपरीत बताते हुए सवाल उठाया कि आखिर इतनी भीड़ के ऊपर हेलीकॉप्टर को इतनी कम ऊंचाई पर क्यों लाया गया। हालांकि, इस मामले में संबंधित प्रशासन या हेलीकॉप्टर ऑपरेटर की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने आने पर ही नियमों के उल्लंघन की अंतिम पुष्टि हो सकेगी।

फिलहाल वायरल वीडियो ने हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि धार्मिक आयोजनों में वीआईपी या विशेष स्वागत के दौरान होने वाली हवाई गतिविधियों के लिए भीड़ और जमीन पर मौजूद लोगों की सुरक्षा को कितनी प्राथमिकता दी जा रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article