शहर

Bahadurgarh: टहल रहे युवक को नकाबपोशों ने गोलियों से भूना, चीखते हुए भागा पर नहीं बची जान; गैंगवार की आशंका

Bahadurgarh Crime News: झज्जर के बहादुरगढ़ में देर रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर 29 वर्षीय नीरज उर्फ बांडीया की हत्या कर दी। मृतक पर पहले से ही हत्या और शराब तस्करी के मामले दर्ज थे। पुलिस गैंगवार के एंगल से जांच कर रही है।

Image

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस

Photo : Times Now Digital

Jhajjar Crime News: हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। यहां के नया गांव बीर बरकताबाद इलाके में देर रात बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर 29 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान नीरज उर्फ बांडीया के रूप में हुई है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में भारी दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

तीन नकाबपोशों ने मारी गोलियां

जानकारी के अनुसार, यह पूरी वारदात देर रात उस समय हुई जब 29 वर्षीय नीरज उर्फ बांडीया अपने घर पर रात का खाना खाने के बाद बाहर गली में टहल रहा था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने उस पर अचानक अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।

गोलियों की आवाज सुनते ही नीरज अपनी जान बचाने के लिए करीब 50 मीटर तक आगे की तरफ दौड़ा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा करते हुए कई गोलियां दाग दीं। गोलियां लगते ही नीरज लहुलूहान होकर मौके पर ही गिर गया। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद तीनों हमलावर अपनी बाइक पर सवार होकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए।

अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

आस-पास के लोगों और परिजनों ने तुरंत गंभीर रूप से घायल नीरज को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कानून व्यवस्था बनाए रखने और मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी मयंक मिश्रा और डीसीपी क्राइम शुभम सिंह खुद पुलिस बल और क्राइम ब्रांच की टीमों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक नीरज उर्फ बांडीया का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उस पर पहले से ही हत्या और शराब तस्करी जैसे कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसी इतिहास को देखते हुए पुलिस इस हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी दुश्मनी या किसी बड़े गैंगवार की आशंका जता रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article