शहर

Haryana: हांसी-भिवानी मार्ग पर दर्दनाक हादसे में जिंदा जले दो लोग, बस में लगी भीषण आग से मचा हड़कंप

हरियाणा के मिलकपुर गांव के पास हांसी-भिवानी मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक प्राइवेट बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बस आग के गोले में बदल गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

Image

हांसी–भिवानी मार्ग पर दर्दनाक हादसा

Haryana Private Bus Fire Accident: हरियाणा के मिलकपुर गांव में सोमवार को एक दर्दनाक घटना हुई। हांसी-भिवानी मार्ग पर एक प्राइवेट बस में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते वह आग के गोले में बदल गई। इस हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक लगी आग से बस में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई।

आग ने पूरी बस को ले लिया अपनी चपेट में

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह निजी बस भिवानी से यात्रियों को लेकर हांसी की ओर जा रही थी। जैसे ही बस मिलकपुर गांव के पास पहुंची, अचानक उसका टायर फट गया। आशंका जताई जा रही है कि टायर का एक तेज धार वाला हिस्सा बस के फ्यूल टैंक से टकरा गया, जिससे टैंक क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

दो लोगों की जलकर मौके पर ही मौत

आग इतनी तेजी से फैल गई कि बस में सवार यात्रियों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। इस हादसे में दो लोगों की जलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से हांसी के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई।

मृतकों की पहचान जारी

मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है, जिसकी पहचान के लिए पुलिस यात्रियों के सामान और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर प्रयास कर रही है। घटना स्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई और बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!