हरदोई के संडीला इलाके में गुरुवार सुबह एक स्कूल में अचानक गैस रिसाव होने से अफरा-तफरी मच गई। तेज गंध फैलते ही बच्चों में खांसी, सांस लेने में दिक्कत और चक्कर आने जैसी समस्याएं शुरू हो गईं। करीब 25 बच्चे इससे गंभीर रूप से प्रभावित हुए।
बीमार बच्चों को भेजा गया सीएचसी संडीला
स्कूल प्रशासन ने तुरंत सभी बच्चों को बाहर निकाला और बीमार बच्चों को सीएचसी संडीला भेजा। अचानक बड़ी संख्या में बच्चों के पहुंचने से अस्पताल में बिस्तरों की कमी हो गई और स्टाफ को अतिरिक्त इंतजाम करने पड़े।
क्यों हुआ ये हादसा?
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्कूल और आसपास के क्षेत्र में जांच के लिए पहुंच गए। हरदोई के जिला अधिकारी अनुनय झा ने बताया कि प्रारंभिक आशंका है कि गैस का रिसाव पास स्थित किसी औद्योगिक इकाई से हुआ हो सकता है।
अभिभावकों में इस घटना को लेकर भारी दहशत है और मांग की जा रही है कि गैस का स्रोत जल्द से जल्द पता लगाया जाए और जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
