शहर

Hapur Accident News: हापुड़ में घने कोहरे का कहर, 6 गाड़ियों की आपस में जोरदार भिड़ंत

Hapur News: हापुड़ में घने कोहरे के कारण एक बाइक समेत 6 गाड़ियों की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। जिसमें 4 लोग घायल हो गए। जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी बाधित हुआ था।

Image

हापुड़ में 6 गाड़ियों की टक्कर (ANI)

Photo : ANI

Hapur Accident News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में सोमवार सुबह घने कोहरे की वजह से भीषण सड़क हादसा हो गया। पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर निजामपुर बाईपास के पास आधा दर्जन वाहन आपस में भिड़ गए। इस हादसे में चार लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर इतनी तेज थी कि हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

टक्कर से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए वाहन

जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जा रहे पांच चारपहिया वाहन और एक बाइक घने कोहरे के बीच हाईवे पर चल रहे थे। सुबह के वक्त कोहरा इतना घना था कि सड़क पर कुछ मीटर से ज्यादा आगे देख पाना मुश्किल हो रहा था। इसी दौरान आगे चल रहे कुछ वाहन अचानक धीमे हो गए या रुक गए। पीछे से आ रहे वाहन समय रहते स्थिति को समझ नहीं सके और एक के बाद एक टकराते चले गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके थे और सड़क पर टूटे हुए हिस्से बिखर गए थे।

हादसे के कारण यातायात बाधित

इस हादसे में घायल लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर यातायात बाधित हो गया। दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाया और ट्रैफिक को धीरे-धीरे सामान्य कराया।

कोहरे के कारण हुआ हादसा

पिलखुवा कोतवाली पुलिस के अनुसार, हादसे का मुख्य कारण घना कोहरा और कम दृश्यता है। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि कोहरे के चलते ड्राइवरों को साफ नजर नहीं आ रहा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे में शामिल वाहनों की जानकारी जुटाई जा रही है। इस घटना के बाद पुलिस ने हाईवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों से खास सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि कोहरे के मौसम में वाहन धीमी गति से चलाएं, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और फॉग लाइट का इस्तेमाल जरूर करें ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article