Gurugram News: हरियाणा के गुरुग्राम के उद्योग विहार फेज-1 स्थित एक कंपनी में शुक्रवार को लगी भीषण आग के दौरान बड़ा हादसा टल गया। प्लॉट नंबर 896 के तहखाने में सुबह करीब 11:45 बजे आग भड़क उठी, जहां उस समय कर्मचारी काम कर रहे थे। जानकारी के अनुसार, आग लगते ही कई लोग सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन घना धुआं फैलने के कारण दो महिलाओं समेत पांच कर्मचारी अंदर ही फंस गए। ऐसे में स्थानीय लोगों में सवाल उठने लगा कि, अंदर फंसे लोगों की जान जल्द से जल्द कैसे बचाई जाए?
पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए गश्त पर मौजूद पुलिस की ERV-302 टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला। बताया गया कि, पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए कंपनी का शीशा तोड़कर और स्थानीय संसाधनों व सीढ़ियों की मदद से अंदर फंसे कर्मचारियों तक पहुंच बनाई। अपनी जान जोखिम में डालते हुए टीम ने सभी पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया
इसी आसपास के लोगों ने हादसे के दौरान दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल अधिकारी राम करण शर्मा के अनुसार, टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और सभी को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
दमकलकर्मियों के द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, अंदर विपुल राणा, सौरभ, तनुजा, नूरजहां, मोहित फंस गए थे जिन्हें पार्क अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल घटना स्थल की स्थिति सामान्य बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन पुलिस और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। इस पूरी घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
