गुरुग्राम

दिवाली की खुशियां मातम में तब्दील; KMP एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कंटेनर ने छीनी 3 जिंदगी, दो भाइयों समेत जीजा की मौत

नूंह जिले की कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे में दो भाई और उनका जीजा शामिल थे, जो दीपावली मनाने और रोहित की शादी की तैयारियों के लिए अपने घर लौट रहे थे। तेज रफ्तार कंटेनर की चपेट में आने से हुई यह दुर्घटना परिवार के लिए त्रासदी बन गई।

Image

केएमपी एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

KMP Expressway Accident: नूंह जिले की सीमा से गुजरते कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई। मृतकों में दो भाई और उनका जीजा शामिल थे। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह हादसा 18-19 अक्टूबर की रात हुआ, जब मोटरसाइकिल पर सवार तीनों युवक अचानक तेज रफ्तार कंटेनर की चपेट में आ गए।

बताया जा रहा है कि, कंटेनर की टक्कर इतनी गंभीर थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना थाना रोजका मेव क्षेत्र में घटित हुई। पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि कंटेनर चालक की लापरवाही और तेज गति के कारण यह दुर्घटना हुई। मृतकों के शव नलहड़ मेडिकल कॉलेज भेजे गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह युवक दीपावली के अवसर पर अपने पैतृक गांव की ओर जा रहे थे। थाना रोजका मेव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और फरार कंटेनर चालक की तलाश जारी है।

खुशियां मातम में बदलीं

मृतकों में रोहित (24 वर्ष) और मोहित (18 वर्ष), दोनों रामजयपाल के पुत्र, हरदोई, यूपी से, तथा अरुण कुमार (28 वर्ष), रामबाबू के पुत्र, फर्रुखाबाद, यूपी से शामिल थे। रोहित की शादी आगामी 4 नवंबर को होने वाली थी और परिवार दीपावली के मौके पर अपने दोनों बेटों और दामाद के आने का बेसब्री से इंतजार कर रहा था। लेकिन रात करीब दो बजे पुलिस ने हादसे की जानकारी दी और परिवार का पूरी तरह से रोशन चेहरा मद्धम पड़ गया। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार को मोहल्ले वालों की मदद से नूंह पहुंचना पड़ा। यह हादसा एक खुशमिजाज और हंसते-खेलते परिवार के लिए अपूरणीय त्रासदी बन गया। अरुण कुमार, जो दामाद थे, तीन छोटे बच्चों के पिता थे, और अब उनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article