Panchkula Temple Theft: पंचकूला के रामगढ़ स्थित शिव मंदिर में हुई चोरी की एक अनोखी वारदात ने लोगों को हैरान कर दिया है। चोरों ने मंदिर का दानपात्र (गुल्लक) तोड़कर नकदी चुरा ली, लेकिन जाते समय उन्होंने श्रद्धा और आस्था का परिचय देते हुए मंदिर के द्वार पर दंडवत प्रणाम किया। यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में देखा जा सकता है कि चोर बड़ी सावधानी से दानपात्र का ताला तोड़कर रुपये निकालते हैं और फिर सिर झुकाकर भगवान के सामने दंडवत होकर बाहर निकल जाते हैं।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने रामगढ़ के अलावा जयसिंहपुरा और किशनगढ़ के मंदिरों में भी इसी तरह की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। ग्रामीणों की शिकायत पर चंडीमंदिर पुलिस थाने में धारा 305 और 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं और उनकी तलाश में जुटी हुई है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें चोरों की आस्था भरी चोरी चर्चा का विषय बन गई है।
