गुरुग्राम

कुत्ते की हुई शादी, कुतिया का हुआ कन्यादान...बांटे गए थे कार्ड, हल्दी और मेंहदी के बाद पंडित जी ने दिलवाए फेरे

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Nov 14, 2022, 10:59 PM IST

शेरू (कुत्ता) और स्वीटी (कुतिया) नाम के कुत्तों की यह अनोखी शादी गुरुग्राम में हुई है। इसके लिए 100 निमंत्रण कार्ड भी बांटे गए थे। बकायदा पंडित जी को इस शादी के लिए बुलाया गया था, जिन्होंने कुत्ते को फेरे दिलवाए। इस शादी के दौरान मेहंदी और हल्दी के कार्यक्रम भी किए गए।

Image

गुरुग्राम में कुत्ते की हुई शादी (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : iStock

हरियाणा के गुरुग्राम में एक अनोखी शादी हुई है। यहां एक कुत्ते और कुतिया की शादी धूमधाम से की गई। बकायदा इसके लिए शुभ तारीख भी निकलवाई गई। 13 नवंबर को शेरू और स्वीटी परिणय सूत्र में बंध गए।

एक अजीबोगरीब घटना में, गुरुग्राम के एक कपल ने अपने पालतू कुत्ते की शादी पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए पड़ोस के कुत्ते से कर दी। शेरू (नर कुत्ता) और स्वीटी (मादा कुत्ता) ने रविवार को फेरे लिए। कुत्तों के मालिकों के अनुसार, शादी के लिए पालम विहार एक्सटेंशन के जिले सिंह कॉलोनी के पड़ोस में 100 निमंत्रण कार्ड भेजे गए थे। ये सभी बाराती के रूप में इस शादी में शामिल हुए।

ANI से बात करते हुए, स्वीटी नाम की कुतिया की मालकिन सविता उर्फ रानी ने कहा- "मैं जानवरों से बहुत प्यार करती हूं और एक कपल के रूप में, हम पालतू जानवरों की देखभाल करते थे। मेरे पास कोई बच्चा नहीं है, इसलिए स्वीटी ही हमारा बच्चा है। मेरे पति मंदिर जाते थे और कुत्तों को खाना खिलाते थे। एक दिन एक आवारा कुतिया उनका पीछा करते हुए तीन साल पहले हमारे पास आई थी। हमने उसका नाम स्वीटी रखा था। सभी कहते थे कि हमें स्वीटी की शादी करनी चाहिए। हमने इस पर चर्चा की और फिर अंत में हमने स्वीटी की शादी कर दी। इस दौरान हमने सभी रीति-रिवाजों का पालन करने का फैसला किया।"

वहीं कुत्ते शेरू की मालकिन मनिता ने कहा- "हम पिछले आठ सालों से शेरू के साथ हैं। हमने हमेशा उसे अपने बच्चे की तरह माना है। हमने अपने पड़ोसियों के साथ अपने कुत्तों की शादी के बारे में ऐसे ही चर्चा की, लेकिन फिर बाद में हम अचानक इसके लिए गंभीर हो गए।"

यह पूछे जाने पर कि अन्य लोगों ने निमंत्रण पर क्या प्रतिक्रिया दी, मनिता ने कहा कि कुछ लोग इसे पसंद करते हैं और कुछ लोग नहीं करते हैं। हमें बिल्कुल भी चिंता नहीं है। हमने बस वही किया जो हम चाहते थे।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article