शहर

Manesar News: ऑटो चालक ने चॉकलेट देकर दो मासूम बहनों को किया अगवा, राहगीर की सूझबूझ से बची जान, आरोपी गिरफ्तार

Manesar News: मानेसर में ऑटो ड्राइवर द्वारा 2 बच्चियों को अगवा करने और उसमें से एक साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से गुजर रहे राहगीर द्वारा जानकारी देने और शोर मचाने के कारण बच्चियों की जान बच गई।

Image

मानेसर में बच्चियोम का अपहरण करने वाला ऑटो चालक गिरफ्तार (Photo- Canva)

Manesar News: हरियाणा में गुरुग्राम के मानेसर में 29 वर्षीय ऑटो चालक सर्वेश ने एक ग्राउंड में अन्य बच्चों के साथ खेल रही 8 और 6 साल की दो सगी बहनों को अपनी हवस का शिकार बनाने के लिए बीते शनिवार को अगवा कर लिया था। आरोपी बच्चियों को बहलाने के लिए अपने साथ चॉकलेट और खाने का सामान लेकर आया था। जिससे माना जा रहा है कि उसने पहले से ही इस वारदात को अंजाम देने के लिए साजिश रची हुई थी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने बच्चियों को चॉकलेट का लालच देकर ग्राउंड का चक्कर उसके साथ लगाने के लिए कहा। बच्चियों के हामी भरते ही आरोपी उन्हें ऑटो में बैठाकर मानेसर के एक जंगल वाले सुनसान इलाके में ले गया, जहां उसने छोटी बहन के सामने उसकी बड़ी बहन के साथ दरिंदगी की। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक स्थानीय व्यक्ति ने संदिग्ध गतिविधि देखकर शोर मचा दिया, जिससे घबराकर आरोपी बच्चियों को वहीं छोड़कर फरार हो गया। इस राहगीर की तत्परता से दो नाबालिग बहनों को बचाया गया। पुलिस ने बच्चियों को मेडिकल के लिए भेज दिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने फ्लाईओवर से लगाई छलांग

TOI की खबर के अनुसार, राहगीर की सूचना पर मानेसर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले बच्चियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें मेडिकल जांच के लिए भेजा। उसके बाद आरोपी की धरपकड़ के लिए कई टीमों का गठन किया गया। बीते सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सर्वेश गुरुग्राम छोड़कर भागने की फिराक में है और पचगांव के पास स्थित KMP एक्सप्रेसवे पर बस का इंतजार कर रहा है। पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए तुरंत मौके पर पहुंची। खुद को पुलिस से घिरता हुआ देखकर पकड़े जाने के डर से आरोपी ने KMP फ्लाईओवर से नीचे छलांग लगा दी। फ्लाईओवर की ऊंचाई से गिरने के कारण उसके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में हिरासत में लेकर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया।

पॉक्सो एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज

आरोपी के बारे में जानकारी जुटाते हुए पुलिस ने बताया कि आरोपी सर्वेश शादीशुदा है और उसकी एक बेटी भी है, जो उत्तर प्रदेश के सीतापुर में रहती है। वह यहां कासन इलाके में अकेला रहकर ऑटो चलाता था। इस जघन्य अपराध के लिए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मानेसर थाने में पॉक्सो (POCSO) एक्ट और अपहरण की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए पुख्ता सबूत जुटाए जा रहे हैं। अधिकारी ने मामले पर अधिक जानकारी देते हुए बताया कि बच्चियों को कोई बड़ी शारीरिक चोट नहीं आई है, लेकिन इस भयानक अनुभव के कारण उनकी मानसिक स्थिति को देखते हुए उनकी काउंसलिंग की जा रही है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article