शहर

Gurugram Weather: गुरुग्राम में शिमला-मनाली जैसी ठंड! बर्फीली हवाओं से ठिठुरे लोग; मकर संक्रांति पर आज कैसा रहेगा मौसम

Gurugram Ka Mausam, (14 Jan 2026) गुरुग्राम में आज का मौसम कैसा रहेगा: गुरुग्राम में भीषण ठंड पड़ रही है। शीतलहर के कारण यहां पहाड़ों जैसी ठंड महसूस हो रही है। सोमवार को गुरुग्राम में 0 डिग्री के करीब पारा लुढ़क गया था। आज मकर संक्रांति पर कैसा मौसम रहेगा, आइए जानते हैं:

Image

गुरुग्राम में ठंड (सांकेतिक फोटो | istock)

Photo : iStock

Gurugram Weather Today: हरियाणा के गुरुग्राम में पहाड़ों जैसी ठंड का एहसास हो रहा है। तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। सोमवार को यहां रात का पारा जीरो डिग्री के करीब पहुंच गया। यह गुरुग्राम में इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। इस दौरान न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुग्राम में आज भी शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम विभाग ने आज कोल्ड वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हल्के से मध्यम कोहरा सुबह के समय छाया रह सकता है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही मौसम साफ हो जाएगा। गुरुग्राम में आज अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।

गुरुग्राम में कब जीरो डिग्री पहुंचा तापमान

आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार, गुरुग्राम में 11 जनवरी 1971 को न्यूनतम तापमान जीरो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हालांकि, हर साल का डाटा उपलब्ध न होने के कारण यह कहना मुश्किल है कि रविवार रात का तापमान शहर का अब तक का सबसे कम तापमान है या नहीं। मौसम विभाग के अनुसार गुरुग्राम में सोमवार को औसत से 6.8 डिग्री सेल्सियस कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मंगलवार को भी शहर शीतलहर की चपेट में रहा। इस दौरान अधिकतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

हरियाणा का सबसे ठंडा शहर

हरियाणा में सोमवार को गुरुग्राम सबसे ठंडा शहर रहा। जिसके बाद नारनौल दूसरा सबसे ठंडा स्थान रहा दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं मंगलवार को हिसार राज्य का सबसे ठंडा शहर रहा। जहां का न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिसके बाद 1.8 डिग्री सेल्यिस न्यूनतम तापमान के साथ नारनौल दूसरा सबसे ठंडा शहर बना रहा। इसके अलावा करनाल में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री, रोहतक में 3.8 डिग्री, अंबाला में 4.2 डिग्री और फरीदाबाद में 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article