Rajkot Angadia Firm Robbery: गुजरात के राजकोट शहर में गुरुवार सुबह बी-डिवीजन पुलिस थाना क्षेत्र के भावनगर रोड स्थित 'प्राइम एंटरप्राइज' नामक आंगड़िया फर्म में बंदूक की नोक पर 19 लाख रुपये की लूट की वारदात सामने आई है। सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच बाइक पर सवार होकर आए दो बेनकाब बदमाशों ने आंगड़िया के माध्यम से ढाई लाख रुपये का ट्रांजैक्शन कराने के बहाने कर्मचारी को बातों में उलझाया और फिर हथियार दिखाकर कैश से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
ट्रांजैक्शन के बहाने आए और हथियार दिखाकर छीना कैश
पुलिस जांच और चश्मदीदों के अनुसार, आरोपी पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। विरोध करने पर बदमाशों ने कर्मचारी के साथ हाथापाई की और काउंटर पर रखा 19 लाख रुपये नकद से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। दोनों आरोपी बिना चेहरा ढके सीधे काउंटर तक पहुंचे थे, जिससे उनकी तस्वीरें सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई हैं।
सघन पुलिस नाकाबंदी और तकनीकी साक्ष्यों से तलाश
घटना की सूचना मिलते ही राजकोट शहर क्राइम ब्रांच, बी-डिवीजन पुलिस, डीसीपी क्राइम, डीसीपी जोन-1 और एलसीबी की अलग-अलग टीमें मौके पर पहुंचीं। डीसीपी जोन-1 हेतल पटेल ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पूरे शहर और आसपास के जिलों में नाकाबंदी कर दी गई है। डीसीपी क्राइम ब्रांच के नेतृत्व में कई विशेष टीमें गठित की गई हैं जो सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही हैं। शुरुआती जांच में फर्म के किसी भी कर्मचारी की संलिप्तता सामने नहीं आई है, हालांकि पुलिस सभी संभावित कोणों से मामले की पड़ताल कर रही है।
इसके अलावा जामनगर में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। करीब दो साल से लापता युवक की कथित तौर पर उसकी पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य आरोपी ने मिलकर सायनाइड मिलाकर हत्या कर दी और शव को दरेड़ GIDC स्थित एक फैक्ट्री शेड में दफना दिया। पुलिस ने मौके पर खुदाई कर मानव कंकाल बरामद किया है, जिसे पोस्टमार्टम और पहचान की प्रक्रिया के लिए भेजा गया है।
