Gujarat Accident: गुजरात के खेड़ा जिले में मूसलाधार बारिश के बीच एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। खेड़ा-मातर हाईवे पर मोतीपुरा गांव के पास एक कार अनियंत्रित होकर पानी से लबालब भरे नाले में जा गिरी। हादसे के समय कार में कुल छह लोग सवार थे। पानी के बेहद तेज बहाव के कारण कार नीचे पलट गई और बहने लगी, जिससे उसमें सवार चार लोगों की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। कार में सवार सभी छह लोग अहमदाबाद के रहने वाले बताए जा रहे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, भारी बारिश और सड़क पर जलभराव के कारण कम दृश्यता की वजह से कार अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई। नाले में जलस्तर और पानी की रफ्तार इतनी तेज थी कि कार तुरंत ही असंतुलित होकर पलट गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
तेज बहाव में फंसी कार, 2 लोगों को जिंदा निकाला
घटना की सूचना मिलते ही खेड़ा के उप जिलाधिकारी (SDM) सूरज बारोट, मातर तहसीलदार और खेड़ा फायर ब्रिगेड की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे दो लोगों को जीवित बाहर निकाला।
सिविल अस्पताल में घायलों का इलाज जारी
गंभीर रूप से घायल दोनों व्यक्तियों को त्वरित प्राथमिक उपचार के बाद 108 एम्बुलेंस की मदद से खेड़ा सिविल अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन और राहत दल द्वारा चलाए गए गहन तलाशी अभियान के बाद नाले के बहाव से चार लोगों के शवों को बाहर निकाल लिया गया है। इस दुखद हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है, वहीं स्थानीय प्रशासन ने दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी है।
