Dahod Accident: इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर गुजरात के दाहोद जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मध्य प्रदेश ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की एक यात्री बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे बस सड़क पर पलट गई। इस हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए।
बस मोड़ते वक्त हुआ हादसा
यह दुर्घटना दाहोद जिले के जालत क्षेत्र में अवंतिका होटल के पास उस समय हुई, जब बस हाईवे पर मोड़ ले रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पीछे से आ रहे ट्रक चालक ने लापरवाही बरतते हुए बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस असंतुलित होकर पलट गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने की मदद
हादसे के वक्त बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। बस पलटने के बाद कई यात्री अंदर फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। हादसे में एक यात्री की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 17 अन्य घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस सेवा मौके पर पहुंची और सभी घायलों को दाहोद के ज़ाइडस अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार अधिकांश घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है। उधर, पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात भी बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
