Greater Noida Dowry Death Case: ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली क्षेत्र के घंघोला गांव से दहेज उत्पीड़न का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक 30 वर्षीय विवाहिता ने लगातार हो रही दहेज प्रताड़ना से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
छह साल पहले हुई थी शादी
पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका तनु का विवाह करीब छह साल पहले घंघोला गांव निवासी अमित के साथ हुआ था। शादी के शुरुआती कुछ समय तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि पति, सास और ससुर लगातार 10 लाख रुपये नकद और एक कार की मांग कर रहे थे। जब यह मांग पूरी नहीं हुई तो तनु को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
मानसिक दबाव में आकर उठाया कदम?
परिजनों का कहना है कि लगातार हो रही प्रताड़ना से तनु गहरे तनाव में रहने लगी थी। आरोप है कि इसी मानसिक दबाव के चलते वह घर की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में गई और दुपट्टे के सहारे पंखे से फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज
घटना के बाद मृतका के परिजन कासना कोतवाली पहुंचे और ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उनकी तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति अमित, सास और ससुर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट, आत्महत्या के लिए उकसाने समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मासूमों ने खोई अपनी मां
इस दर्दनाक घटना ने दो मासूम बच्चों से उनकी मां का साया भी छीन लिया है। परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं। मृतका के मायके पक्ष का कहना है कि यदि समय रहते उनकी बेटी की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई होती और उसे दहेज प्रताड़ना से राहत मिलती, तो शायद आज उसकी जान बचाई जा सकती थी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
