Greater Noida Panchsheel Greens 2 Accident: यूपी के ग्रेटर नोएडा में बिसरख थाना क्षेत्र से एक बेहद हैरान और विचलित करने वाली खबर सामने आई है। यहां की एक नामी सोसाइटी पंचशील ग्रीन्स-2 (Panchsheel Greens-2) के मुख्य गेट के बाहर सुबह-सुबह एक कार ने स्कूल बस पकड़ने के लिए खड़े करीब 5 मासूम बच्चों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आनन-फानन में बच्चों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
स्कूल बस का इंतजार कर रहे थे मासूम
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना सुबह उस समय हुई जब बच्चे अपने घरों से निकलकर स्कूल जाने के लिए सोसाइटी के बाहर बने बस स्टॉप पर खड़े थे। वे अपनी स्कूल बस के आने का इंतजार कर रहे थे, तभी अचानक एक अनियंत्रित कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
सीख रही थी कार ड्राइविंग: एडिशनल डीसीपी (ADCP) ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कार को एक महिला चला रही थी, जो फिलहाल ड्राइविंग सीख (Learner) रही थी।
अस्पताल में भर्ती कराए गए बच्चे, ADCP ने दी राहत भरी खबर
हादसे के तुरंत बाद सोसाइटी के सुरक्षाकर्मियों और वहां मौजूद अभिभावकों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायल बच्चों को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया। एडिशनल डीसीपी ने बताया कि अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा बच्चों का त्वरित इलाज किया गया है। राहत की बात यह है कि सभी बच्चों को हल्की चोटें (Minor Injuries) आई हैं और वे खतरे से पूरी तरह बाहर हैं। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
बिसरख पुलिस का एक्शन: महिला चालक और गाड़ी दोनों कब्जे में
हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी। सूचना मिलते ही स्थानीय बिसरख थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दुर्घटना को अंजाम देने वाली महिला चालक को मौके से ही हिरासत में ले लिया है। इसके साथ ही कार को भी पुलिस ने अपने कब्जे (जब्त) में ले लिया है।
पुलिस ने कहा, 'आज दिनांक 08.07.2026 को थाना बिसरख क्षेत्र के अंतर्गत पंचशील ग्रीन में रहने वाली एक महिला कार से अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही थी। तभी सोसाइटी से निकलते समय कार के एक्सीलेटर पर अचानक पैर रख जाने से उनकी कार सर्विस लाइन पर एक खड़ी स्कूटी में टकरा गयी जिससे उक्त स्कूटी पास में खड़े दो-तीन बच्चों पर गिर जाने से उनको हल्की चोट आई है। बच्चों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस द्वारा कार रजि नं0 UP16CW4240 को कब्जे में लिया गया है। अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।'
