Greater Noida Traffic Today: आज, शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचेंगे। करीब दो घंटे के इस दौरे का असर यहां के ट्रैफिक पर भी पड़ेगा।
दोपहर से दिखेगा असर
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम दोपहर 12:55 बजे मथुरा के दीनदयाल धाम फराह हेलीपैड से उड़ान भरने के बाद गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय हेलीपैड पर आने से शुरू होगा। इसके बाद वह सड़क मार्ग से एक्सपो मार्ट पहुंचेंगे। दोपहर 1:40 से 2:45 बजे तक वह एक्सपो मार्ट परिसर में समीक्षा बैठक करेंगे। इस दौरान आसपास के रूट पर यातायात प्रभावित रहेगा।
नो-ड्रोन जोन और सुरक्षा घेरा
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा के आठ थाना क्षेत्रों को नो-ड्रोन जोन घोषित किया गया है। इन इलाकों में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वाहनों का डायवर्जन
मुख्यमंत्री की सुरक्षा और काफिले की आवाजाही के चलते एक्सपो मार्ट, गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय और आसपास के प्रमुख मार्गों पर वाहनों का डायवर्जन रहेंगे। हल्के और भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरने की अपील की गई है।
यात्रियों से अपील
बहुत जरूरी होने पर ही इन रास्तों से होकर निकलें और अधिकतर पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें। साथ ही, यात्रा से पहले ट्रैफिक हेल्पलाइन या गूगल मैप्स से अपडेट लेकर ही मार्ग चुनें।
मुख्यमंत्री का संक्षिप्त कार्यक्रम
सीएम योगी आदित्यनाथ करीब पौने दो घंटे ग्रेटर नोएडा में रहेंगे। इसके बाद वह गाजियाबाद के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां नेहरू नगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और पूर्व सांसद रमेशचंद तोमर की पुस्तक का विमोचन करेंगे।
