ग्रेटर नोएडा

UP: बुलंदशहर में दो लोगों की हत्या का प्रयास, बदमाशों ने मांगी 2.5 करोड़ की रंगदारी, तीन गिरफ्तार

Bulandshahr: यूपी के बुलंदशहर जिले में दो भाइयों की हत्या और 2.5 करोड़ की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। हत्या और रंगदारी के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

Image

बुलंदशहर में दो लोगों की हत्या का प्रयास

Bulandshahr: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में पुलिस ने दो भाइयों की हत्या के प्रयास और 2.5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किये गये आरोपियों के पास से एक कार, अपराध में इस्तेमाल किये गये अवैध हथियार और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी रोहित, मनीष और आशीष हरियाणा के रहने वाले हैं।

बदमाशों ने मारी 2 करोड़ से अधिक की रंगदारी

खुर्जा क्षेत्राधिकारी विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया, “यह घटना 10 मार्च को खुर्जा नगर थानाक्षेत्र के फिरोजपुर गांव में हुई। शाम करीब साढ़े पांच बजे स्थानीय निवासी रामेश्वर दयाल के दो बेटे फिरोजपुर में अपने ईंट भट्टे से मोटरसाइकिल पर सवार होकर लौट रहे थे कि तभी एक सफेद ‘स्विफ्ट’ कार में सवार तीन लोगों ने उन पर गोलियां चला दीं और मौके से भाग निकले।”

उन्होंने बताया, “तीन घंटे बाद रामेश्वर दयाल और उनकी पत्नी को 2.5 करोड़ रुपये की रंगदारी देने के लिए एक धमकी भरा फोन आया, जिसमें चेतावनी दी गई कि अगर उन्होंने ऐसा नहीं किया तो उनके बेटों को मार दिया जाएगा। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।” अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों का पता लगाया और अपराध में इस्तेमाल की गई गाड़ी को बरामद किया। उन्होंने बताया कि कार को एक ‘ऐप’ के जरिए बुक किया गया था।

हत्या और रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार

अधिकारी ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और उनके पास से एक अवैध तमंचा जब्त किया गया। उन्होंने बताया कि पूछताछ में पता चला कि आरोपी रोहित पहले रामेश्वर दयाल के दो ईंट भट्टों में से एक पर काम कर चुका है। चौहान ने बताया कि काम के पहले दिन रोहित ने कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया और शराब पी, जिस कारण दयाल और उसके बेटों ने उसे तुरंत नौकरी से निकाल दिया। उन्होंने बताया, “रोहित ने रंजिश रखते हुए अपने दो साथियों के साथ हमले की योजना बनाई थी।”

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article