Greater Noida News: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास यमुना प्राधिकरण तीन नए सेक्टर 5, 8 और 9—का तेजी से विकास करने जा रहा है। इसके लिए मास्टर प्लान-2041 के तहत चिह्नित क्षेत्रों में किसानों से जमीन खरीदने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। भीकनपुर, कल्लूपुरा, रन्हेरा, मुढरह जैसे गांवों के किसानों से सहमति के आधार पर भूमि अधिग्रहण किया जा रहा है, और इसकी सूची पहले ही जारी कर दी गई है।
इन नए सेक्टरों में प्राधिकरण द्वारा आवासीय, ग्रुप हाउसिंग, औद्योगिक, संस्थागत और व्यावसायिक श्रेणी के भूखंडों की योजनाएं तैयार की जाएंगी, जिससे आम लोगों को घर बनाने और उद्योग लगाने के अवसर मिलेंगे। यमुना क्षेत्र में वर्तमान में सेक्टर-8 और 9 औद्योगिक श्रेणी के हैं, जबकि सेक्टर-5 को आवासीय रूप में विकसित किया जाएगा। नोएडा एयरपोर्ट के नजदीक इन सेक्टरों की लोकेशन को देखते हुए प्राधिकरण जल्द ही भूखंडों की योजना लॉन्च करना चाहता है, इसलिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जा रही है।
7% आबादी भूखंड का लाभ
प्राधिकरण के अनुसार, किसानों से सहमति प्राप्त कर उनकी जमीन का बैनामा सीधे यमुना प्राधिकरण के नाम पर किया जाएगा। इसके एवज में किसानों को 3,808 रुपये प्रति वर्गमीटर का मुआवजा और 7% आबादी भूखंड का लाभ मिलेगा। सेक्टर-5 के लिए भीकनपुर और कल्लूपुरा, सेक्टर-8 के लिए रन्हेरा, मुढरह, दयोरार और धनसिया, जबकि सेक्टर-9 के लिए वीरमपुर गांव के किसानों की जमीन अधिग्रहित की जाएगी। इसके साथ ही, पहले से विकसित सेक्टर-24A, 32 और 29 में भी बची हुई जमीन की खरीदारी की जाएगी।
यमुना प्राधिकरण के सीईओ अरुणवीर सिंह ने बताया कि इन नए सेक्टरों के विकास से क्षेत्र में आवासीय और औद्योगिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी। प्राधिकरण के पास पर्याप्त लैंडबैंक होने से भविष्य की परियोजनाओं के लिए जमीन आवंटन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।
