शहर

Greater Noida News: लिफ्ट स्नैचिंग केस में पुलिस कमिश्नर का कड़ा एक्शन, लापरवाही पर बिसरख SHO और ACP हटाए गए

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में बुजुर्ग महिला से लिफ्ट के अंदर स्नैचिंग की कोशिश के मामले ने पुलिस प्रशासन को सख्त कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया है। हाई-राइज सोसायटी में हुई इस घटना को लेकर बढ़ती चिंताओं और जांच में लापरवाही के आरोपों के बीच पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बड़ा फैसला लेते हुए बिसरख थाने के थाना प्रभारी और एसीपी को तत्काल प्रभाव से हटा दिया।

Image

लिफ्ट से चेन खींचकर भागने की कोशिश करता आरोपी

Photo : Times Now Digital

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बुजुर्ग महिला से लिफ्ट के अंदर स्नैचिंग की कोशिश के मामले में लापरवाही बरतने पर बिसरख थाने के थाना प्रभारी और एसीपी को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। यह कार्रवाई देर रात हुई क्राइम मीटिंग के बाद की गई, जिसमें पुलिस कमिश्नर ने साफ संकेत दिया कि अपराध और लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

लिफ्ट में स्नैचिंग की कोशिश से मचा था हड़कंप

यह मामला कुछ दिन पहले बिसरख थाना क्षेत्र की ला रेजिडेंशिया सोसायटी का है, जहां एक बुजुर्ग महिला से लिफ्ट के अंदर स्नैचिंग की कोशिश की गई थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया था और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने देर रात क्राइम मीटिंग बुलाई। बैठक के दौरान जांच और कार्रवाई की रफ्तार से असंतुष्ट सीपी ने बिसरख थाने की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।

SHO और ACP पर गिरी गाज

क्राइम मीटिंग के बाद पुलिस कमिश्नर ने बिसरख थाने के SHO मनोज सिंह और ACP दीक्षा सिंह को तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटा दिया। माना जा रहा है कि यह कार्रवाई लापरवाही और कमजोर निगरानी के चलते की गई है।

क्या था मामला

बिसरख थाना क्षेत्र की ला रेजिडेंशिया सोसायटी में 8 जनवरी को हुई इस घटना से हाई-राइज सोसायटियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए थे। एक बुजुर्ग महिला लिफ्ट से नीचे जा रही थीं, तभी हेलमेट पहने एक युवक अंदर आया और उनकी सोने की चेन छीनने की कोशिश की, लेकिन महिला ने साहस दिखाते हुए शोर मचाया, जिससे आरोपी भाग निकला। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और 10 जनवरी को सेक्टर-03 में चेकिंग के दौरान उसे मोटरसाइकिल पर संदिग्ध हालात में देखा। इस दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की और आरोपी के पैर में गोली लगी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article