Greater Noida Police Encounter: ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग को गोली मारने वाला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसकी पहचान कायदे आजम के रूप में हुई है। सोमवार देर रात को पुलिस के साथ आरोपी की मुठभेड़ हुई। इस दौरान पैर में गोली लगने के कारण आरोपी घायल हो गया। जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
खजूर वाले बाबा अंडरपास पर मुठभेड़
मुठभेड़ की यह घटना खजूर वाले बाबा अंडरपास के पास सर्विस रोड पर हुई, जहां पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। तभी पुलिस को बाइक पर सवार एक संदिग्ध नजर आया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। लेकिन आरोपी ने रुकने की बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। जिसमें आरोपी घायल होकर गिर पड़ा। जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

मुठभेड़ में आरोपी घायल
खेत में गोली चलाने वाला आरोपी पकड़ा गया
पुलिस के मुताबिक, आरोपी कायदे आजम ने सोमवार सुबह खेत पर काम कर रहे अपने पड़ोसी बुजुर्ग कासिम को गोली मार दी थी। जिसका ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में इलाज जारी है। जहां बुजुर्ग की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस इस घटना के बाद से आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। जिसके बाद उसे देर रात को पकड़ लिया गया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है। पुलिस को मौके से .315 बोर का एक जिंदा कारतूस और खोखा भी मिला है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। जिसमें कायदे आजम मुख्य आरोपी है। अन्य आरोपी अभी फरार चल रहे हैं, पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। गिरफ्तार आरोपी कायदे आजम के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
