शहर

Himachal Bridge Collapse: चंबा में भरभराकर गिरा निर्माणाधीन सिन्यूर पुल, टला बड़ा हादसा

हिमाचल प्रदेश के चंबा में होली-खरामुख रोड पर बन रहा सिन्यूर पुल मंगलवार सुबह ढह गया। पुल लगभग तैयार होने वाला था और इसकी लागत करीब 5 करोड़ रुपये थी। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

Image

चंबा में निर्माणाधीन पुल ढहा

Himachal Pradesh Bridge Collapses: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में मंगलवार सुबह निर्माणाधीन सिन्यूर पुल अचानक ढहने से हड़कंप मच गया। यह पुल होली-खरामुख मार्ग पर बनाया जा रहा था, जो लैंडस्लाइड की चपेट में आने से गिर गया। पुल टूटने से कई गांवों का रास्ता कट गया है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई।

भूस्खलन बना पुल गिरने की वजह

जानकारी के अनुसार, इस पुल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में चल रहा था। लेकिन इसके पूरी तरह तैयार होने से पहले ही यह ढह गया। आज सुबह अचानक हुए भूस्खलन के कारण इसकी संरचना कमजोर हो गई और देखते ही देखते यह भरभराकर ढह गया। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, स्थानीय विधायक जनक राज ने बताया कि यह पुल इलाके के लिए बेहद अहम था। इसके बनने के बाद होली क्षेत्र को एक वैकल्पिक हर मौसम में इस्तेमाल होने वाला रास्ता मिल जाता। खासतौर पर मानसून के दौरान जब भारी बारिश के कारण बार-बार भूस्खलन होते हैं और रास्ते बंद हो जाते हैं, तब यह पुल लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होता।

5 करोड़ की लागत से बन रहा था पुल

यह घटना भरमौर विधानसभा क्षेत्र के सिन्यूर इलाके में हुई है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुल के गिरने का विजुअल साफ देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि यह पुल करीब 5 करोड़ रुपये की लागत में बनाया जा रहा था। जिसका टेंडर साल 2023 जारी किया गया था। जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू हुआ था। अब पुल के ढह जाने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article