Ghaziabad: गाजियाबाद के एलिवेटेड रोड पर स्टंटबाजी का एक खौफनाक मामला सामने आया है। गाजियाबाद पुलिस इस रोड पर 24 घंटे चौकसी का दावा कर रही है, लेकिन यहां से वायरल हो रहा एक वीडियो पुलिस के सभी दावों का पोल खोल रहा है। एलिवेटेड रोड पर बना 43 सेकंड का एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसमें चार से पांच युवक फार्च्यूनर कार सड़क के बीच खड़ी कर तालिबानियों की तरह राइफल लहराते नजर आ रहे हैं। ये युवक गले में राइफल की माला पहनकर खुलेआम जाम छलकाते हुए नजर आ रहे हैं। इसका वीडियो वायरल होने के बाद अब पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
गाजियाबाद पुलिस ने बताया कि, एलिवेटेड रोड पर राइफल लहराने के मामले में वीडियो वायरल होने के बाद इंदिरापुरम थाने में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार कार मालिक की पहचान हो गई है। वीडियो में दिख रही कार कविनगर के चिरंजीव विहार के राजा चौधरी के नाम है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमार कार्रवाई शुरू कर दी है, लेकिन सभी आरोपी फरार हैं। वीडियो में नजर आ रहे बाकि आरोपियों की भी पुलिस तलाश में जुटी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, इस मामले में बलवा, लोगों को गलत तरीके से रोकना, सामान्य अपराध, दूसरों का जीवन संकट में डालने जैसे धाराओं में मामला दर्ज किया है।
