Ghaziabad: गाजियाबाद में एक युवक द्वारा इंस्टाग्राम पर लाइव सुसाइड करने की कोशिश करने और एक अलर्ट पर जीवन बचाने का बड़ा मामला सामने आया है। सुसाइड करने की कोशिश करने वाले युवक की पहचान अभय शुक्ला के तौर पर हुई है। यह मूलरूप से कन्नौज का रहने वाला है और गाजियाबाद में रहता है। गाजियाबाद पुलिस ने मिली जानकारी के अनुसार, युवक को करोबार में नुकसान हुआ था और यह इंस्टाग्राम लाइव जाकर सुसाइड करने की तैयारी कर रहा था। यह वीडियो अमेरिका में स्थित फेसबुक और इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी मेटा हेडक्वार्टर में बैठे कर्मचारियों ने जैसे देखा उन्होंने तुरंत ही इसका अलर्ट यूपी पुलिस के सोशल मीडिया सेंटर को भेज दिया।
यूपी पुलिस के अनुसार अलर्ट के साथ युवक का मोबाइल नंबर भी भेजा गया था, जिसे ट्रेस करने पर उसका लोकेशन गाजियाबाद मिला। इसके बाद घटना की जानकारी मुरंत गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट को ट्रांसफर की गई। यहां से विजयनगर थाना पुलिस को मैसेज भेजा गया और कुछ ही समय में पुलिस ने युवक तक पहुंच कर उसकी जान बचा ली। इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ी बात यह है कि, अलर्ट मिलने और युवक तक पहुंचने में पुलिस को सिर्फ 13 मिनट का समय लगा और युवक की जान बच गई। इसके बाद पुलिस ने युवक का करीब 6 घंटे तक काउंसिलिंग करने के बाद उसे परिवार के सुपुर्द किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बीते साल मार्च माह में यूपी पुलिस और मेटा कंपनी के बीच एक करार हुआ है। जिसके तहत कंपनी ने फेसबुक या इंस्टाग्राम पर किसी व्यक्ति की आत्महत्या से संबंधित कोई जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को अलर्ट करेगी।
