गाजियाबाद

यूपी पुलिस का जोरदार एक्शन; मेरठ और मुजफ्फरनगर में 2 इनामी बदमाश एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश में पुलिस का अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। हाल ही में मेरठ और मुजफ्फरनगर में दो वांछित इनामी अपराधियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। दोनों मामलों में आरोपी गंभीर आपराधिक मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे थे।

Image

मेरठ और मुजफ्फरनगर में दो इनामी बदमाश गिरफ्तार

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

UP Police Encounter: उत्तर प्रदेश में इन दिनों अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। राज्यभर में हर जिले, शहर और गांव की पुलिस टीमें इनामी अपराधियों की धर पकड़ने में जुटी हुई हैं और लगातार जवाबी कार्रवाइयों को अंजाम दे रही हैं। इसी कड़ी में मेरठ और मुजफ्फरनगर में पुलिस ने दो वांछित इनामी बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने शनिवार को इन कार्रवाइयों की जानकारी साझा की।

मेरठ में वांछित आरोपी गिरफ्तार

मेरठ के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार देर रात जानी थाना क्षेत्र के शेखपुरी बंभा चौराहे के पास पुलिस चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया। आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसकी पहचान वसीम कुरैशी के रूप में हुई है।

गैंगस्तर वसीम के पैर में गोली लगने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देसी पिस्तौल, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की काली बाइक बरामद की है। जानकारी के अनुसार, वसीम 9 मार्च को गोवंश से जुड़े मामले में वांछित था और उस पर ₹25,000 का इनाम घोषित था। मेरठ और गाजियाबाद में उस पर हत्या समेत 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

मुजफ्फरनगर में इनामी आरोपी को दबोचा

वहीं, मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने एक लाख रुपये के इनामी अपराधी रवि को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई शुक्रवार शाम दिल्ली-देहरादून हाईवे पर बागोवाली चौक के पास हुई।

पुलिस अधीक्षक (नगर) सत्यनारायण प्रजापत के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान रवि को गोली लगी है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रवि पर एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें 18 अप्रैल 2025 को एक भूसा आपूर्तिकर्ता से 11 लाख रुपये की लूट भी शामिल है। वह दिल्ली और मेरठ पुलिस को भी लंबे समय से वांछित था।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें