गाजियाबाद

Baghpat News: बागपत में मां ने ली तीन बेटियों की जान, फिर किया सुसाइड, इस वजह से उठाया ये खौफनाक कदम

Baghpat News: यूपी के बागपत में एक महिला ने घरेलू विवाद के कारण पहले अपनी तीन मासूम बेटियों की हत्या की और फिर खुदकुशी कर ली। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

Image

बागपत में महिला ने तीन बेटियों की हत्या के बाद किया सुसाइड (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)

Baghpat News: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के टीकरी कस्बे में मंगलवार को एक महिला ने अपनी तीन मासूम बेटियों का गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर खुद भी फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने चारों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के अनुसार, बड़ौत के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) विजय कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान तेज कुमारी उर्फ माया (29) और उसकी बेटियां गुंजन (सात), कीटो (ढाई साल) और चार माह की मीरा के रूप में हुई है। उन्होंने आगे बताया कि तेज कुमारी ने अपनी तीनों बेटियों गुंजन, कीटो और मीरा की हत्या कर दी और खुद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि घटना की वजह घरेलू क्लेश बताया गया है।

घरेलू विवाद के चलते दिया वारदात को अंजाम

दोघट पुलिस के अनुसार तेज कुमारी मूल रूप से पंजाब के जालंधर की रहने वाली थी। उसकी शादी कई साल पहले टीकरी निवासी विकास कश्यप से हुई थी, जो दिल्ली में टूरिस्ट बस चलाता है। पति से किसी विवाद के चलते आज दिन में तेज कुमारी ने घर का कमरा अंदर से बंद कर लिया। आरोप है कि उसने पहले तीनों बेटियों की चुनरी से गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर उसी चुनरी से पंखे पर फंदा लगा ली।

घटना के समय पति घर के बाहर पेड़ के नीचे सोया हुआ था। उन्होंने बताया कि थोड़ी देर बाद विकास ने कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। संदेह होने पर उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने खिड़की तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां तीनों बच्चियों के शव चारपाई पर पड़े थे और तेज कुमारी का शव पंखे से लटका हुआ था।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article