Meerut Car Fire: उत्तर प्रदेश के मेरठ में दिल्ली देहरादून हाईवे पर सिवाया टोल प्लाजा के पास एक बड़ा हादसा टल गया। यहां एक चलती एसयूवी कार में अचानक आग लग गई। कार से आग की लपटों को निकला देख, पूरे टोल प्लाजा में अफरातफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। देखते ही देखते चलती हुई कार आग का गोला बन गई। धधकती हुई कार की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। कार को लपटों को घिरा देख पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने कार में लगी आग पर काबू पाया।
घटनास्थल पर मौजूद एक अधिकारी ने बताया कि यह मामला थाना दौराला क्षेत्र का है। बुधवार को कार में अचानक आग लग गई, लेकिन चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा होने से चल गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर सामने नहीं आई है।
चालक की सूझबूझ से कैसे टला हादसा
जानकारी के अनुसार, एसयूवी कार में कई लोग सवार थे। जैसे ही कार टोल प्लाजा के करीब पहुंची, अचानक गाड़ी के अंदर से धुआं उठने लगा। चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखा और गाड़ी को साइड में लगाया। कार में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सवारियों के बाहर निकलने के कुछ ही मिनटों में, पूरी कार आग की लपटों की चपेट में आ गई और जलकर खाक हो गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की खबर नहीं है। चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा होने से टला और कार में सवार सभी लोग की जान बच गई।
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
टोल प्लाजा के कर्मियों ने तत्काल फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि वे सफल नहीं हो पाए। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया गया।
