गाजियाबाद

गाजियाबाद में मिलने के बहाने ऑफिस बुलाकर नाबालिग से गैंगरेप, तीन गिरफ्तार; चौथे की तलाश जारी

Ghaziabad News: गाजियाबाद में एक नाबालिग को मिलने के बहाने ऑफिस बुलाकर उसके साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और चौथे की तलाश जारी है।

Image

सांकेतिक फोटो।

Photo : Times Now Digital

Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के ट्रोनिका सिटी थाना इलाक़े में एक नाबालिग किशोरी के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार करने के मामले में पुलिस ने शनिवार को मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और दो नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। लोनी क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सूर्यबली मौर्य ने शनिवार को बताया कि मामले के मुख्य आरोपी चांद को गिरफ्तार कर लिया गया है और दो किशोर आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।

चौथा आरोपी फरार

उन्होंने बताया कि मामले का चौथा आरोपी फ़रार हो गया है, जिसे पुलिस तलाश कर रही है। एसीपी ने घटना के संदर्भ में बताया कि 16 साल की एक नाबालिग लड़की के साथ उसके ‘बॉय फ्रेंड’ और तीन अन्य आरोपियों ने कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पीड़ित किशोरी ने ट्रॉनिका सिटी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें उसने आरोप लगाया था कि वह सादिकपुर निवासी चांद नामक युवक को पिछले डेढ़ साल से जानती थी, चांद ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे।

ऑफिस बुलाकर गैंगरेप

एसीपी मौर्य ने बताया कि गत सात अक्टूबर को पीड़िता को चांद ने अपने दोस्त के कार्यालय में बुलाया, जहां चांद ने उसके साथ कथित बलात्कार किया, उसके अलावा तीन अन्य लोगों ने भी कथित रूप से बारी-बारी से पीड़िता के साथ बलात्कार किया। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने उसे धमकी दी कि अगर वह अपने यौन शोषण के बारे में किसी के सामने खुलासा करेगी तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

मौर्य ने बताया कि पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और 10 अक्टूबर को ट्रोनिका सिटी पुलिस थाना पहुंची और तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 70 (2) (18 साल से कम उम्र की किशोरी से सामूहिक बलात्कार) और पॉक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस ने मामले में आज तीन आरोपियों को पकड़ लिया। उन्होंने कहा कि अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इनपुटः भाषा

Devshanker Chovdhary
Devshanker Chovdhary author

<p>देवशंकर चौधरी मार्च 2024 से Timesnowhindi.com के साथ करियर को आगे बढ़ा रहे हैं और बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। टाइम्स नाउ सिटी टीम में वह इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स और लोगों से जुड़ी स्टोरी करते हैं। हर स्टोरी में अलग एंगल निकालने पर फोकस रहता है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं।&nbsp;बीते वर्षों में टेलीविजन और डिजिटल मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इससे पहले इन्होंने दैनिक जागरण, यूनीवार्ता, एबीपी न्यूज और रोहतास पत्रिका में काम किया है। दैनिक जागरण में रियल टाइम डेस्क पर काम कर चुके हैं, जहां वर्ल्ड अफेयर्स और नेशनल बीट की खबरें करते थे। यूनीवार्ता में नेशनल और विदेश डेस्क पर काम कर चुके हैं। एबीपी न्यूज में डिजिटल टीम का हिस्सा रह चुके हैं। रोहतास पत्रिका में काम करने के दौरान कोविड काल में बिहार के कई जिलों में घूम-घूम कर काम करने का अनुभव है। ग्रेजुएशन के दौरान ही पत्रकारिता से जुड़ गए थे, जिस दौरान दैनिक अखबारों के साथ काम किया है। अकाउंटिंग एंड मैनेजमेंट ऑनर्स में स्नातक और जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article