Ghaziabad Barat Loot: गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र में लूट का एक हैरान करने वाला मामला सामने है। पुलिस से बेखौफ बाइक सवार दो बदमाशों ने बीती रात सिकंदरपुर में बारात की घुड़चढ़ी के दौरान भीड़ के बीच से दूल्हे के ताऊ से लाखों रुपये कैश और गहनों से भरा बैग लूट कर फरार हो गए। सबसे बड़ी बात यह कि इन बदमाशों ने जहां पर बारात के बीच लूट की इस वारदात को अंजाम दिया, वहां से चंद कदम की दूरी पर ही सिकंदरपुर पुलिस चौकी। वारदात के बाद लोगों ने पुलिस चौकी पहुंच कर तत्काल घटना की जानकारी पुलिसकर्मियों को दी। लोगों का आरोप है कि, पुलिसकर्मियों ने लुटेरों का पीछा करने की जगह उन्हें टीला मोड़ थाने जाने की सलाह दी।
खोड़ा के सरस्वती विहार कॉलोनी निवासी मंगूलाल शर्मा ने बताया कि उनके भतीजे अभिषेक शर्मा की शादी टीला मोड़ थाना क्षेत्र के एक फार्म हाउस में हो रही थी। रात करीब 10 बजे बारात की चढ़त शुरू हुई। डीजे के साथ नाचते-गाते बराती द्वारचार के लिए निकल पड़े। मंगूलाल शर्मा ने अपनी शिकायत में बताया कि, हमारी बारात के आगे दो और बारात चल रही थी, जिसकी वजह से हमारी रफ्तार भी धीमी थी। बारात जब सिकंदरपुर पुलिस चौकी के पास पहुंची, तभी उल्टी दिशा से आए बाइक सवार दो लुटेरों ने मंगूलाल पर धावा बोल दिया।
