गाजियाबाद

शराब न मिलने पर गुस्साए होमगार्ड ने ठेके पर भड़काई आग, पुलिस ने किया गिरफ्तार; CCTV फुटेज वायरल

मेरठ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक होमगार्ड ने शराब न मिलने पर शराब के ठेके में आग लगा दी। घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल हो गया है, जिसमें आरोपी ज्वलनशील पदार्थ से आग लगाते दिख रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

Meerut Liquor Shop Fire: मेरठ से एक अजीब मामला सामने आया है, जहां एक शराब के ठेके पर सेल्समैन ने होमगार्ड को शराब देने से मना कर दिया। नाराज़ होमगार्ड ने शराब की दुकान में आग लगा दी, जिसका सीसीटीवी वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि, आग को समय रहते काबू में कर लिया गया। जानकारी के मुताबिक, यह मामला मेरठ के थाना दौराला क्षेत्र का है।

डायल 112 पर तैनात होमगार्ड कपिल ने शराब न मिलने पर यह घटना की। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि आग लगाने वाला व्यक्ति खाकी पैंट और काले बनियान में है, मुंह गमछे से ढका हुआ है। फुटेज में वह शराब की दुकान में इधर-उधर देखता है और फिर बोतल से ज्वलनशील पदार्थ निकालकर बाहर आग लगा देता है। पुलिस ने शराब ठेके के मालिक की शिकायत पर आरोपी होमगार्ड को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

बताया जा रहा है कि कपिल नाम का होमगार्ड शनिवार रात अंग्रेजी शराब के ठेके पर पहुंचा और सेल्समैन से उधार में शराब मांगने लगा। जब सेल्समैन ने इनकार किया, तो कपिल वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह वापस आया और पेट्रोल छिड़ककर ठेके में आग लगा दी। शराब ठेके के मालिक की शिकायत पर आरोपी होमगार्ड कपिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

सीसीटीवी फुटेज हुआ वायरल

इस मामले में मेरठ के एसपी सिटी आयुष विक्रम ने बताया कि एक सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रही है, जिसमें व्यक्ति कुछ ज्वलनशील पदार्थ का इस्तेमाल कर शराब के ठेके में आग लगाते हुए दिखाई दे रहा है। शराब ठेके के मालिक की शिकायत पर इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी का नाम कपिल है, जो होमगार्ड में तैनात है। उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में कपिल ने बताया कि उसने शराब मांगी थी, लेकिन उसे देने से मना कर दिया गया। गुस्से में आकर उसने रात में ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। घटना में कोई घायल नहीं हुआ। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article