Ghaziabad: गाजियाबाद के कर दाताओं को नगर निगम ने बड़ा झटका दिया है। नगर निगम क्षेत्र में आने वाली संपत्तियों के कर में अप्रैल 2023 से 10 प्रतिशत की बड़ी बढ़ोतरी होने वाली है। इस बढ़ोतरी का सीधा असर 6.28 लाख करदाताओं की जेब पर पड़ेगा। नगर निगम ने यह फैसला शनिवार को आयोजित निगम बोर्ड की बैठक में लिया। इस बैठक में फैसला लिया गया कि, जब तब राज्य सरकार की तरफ से डीएम सर्किल रेट के आधार पर संपत्ति कर बढ़ाने के फैसला नहीं लिया जाता, तब तक करदाताओं से 10 फीसदी बढ़ोतरी के साथ कर वसूला जाएगा। यह फैसला नए वित्त वर्ष यानी अप्रैल माह में लागू हो जाएगा।
बता दें कि, बीते साल राज्य सरकार ने गाजियाबाद में डीएम सर्किल रेट के आधार पर संपत्ति कर बढ़ाने का पत्र जारी किया था, जिसका नगर निगम पार्षदों ने खुलकर विरोध किया था। यह रिपोर्ट शासन को भेजी जा चुकी है, जिसकी वजह से अभी तक सर्किल रेट पर अंतिम फैसला नहीं हो सका है। गाजियाबाद नगर निगम ने इसे मौके के तौर पर लिया है और फैसला किया है कि, जब तक सर्किल रेट पर फैसला नहीं हो जाता, तब तक कर दाताओं से 10 फीसदी बढ़ोतरी के साथ कर वसूला जाएगा।
