School Bus Fire: उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के कौशांबी थाना क्षेत्र में एक स्कूल बस में भीषण आग लग गई। बस में लगी आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई। यह बस दिल्ली के प्रीत विहार में स्थित एक स्कूल की बताई जा रही है। बस में 14 से 15 बच्चे सवार थे, उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 2 गाड़ियां और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर मौजूद एक अधिकारी ने बताया कि वैशाली फायर स्टेशन को बस में आग लगने की सूचना मिली थी। एक अधिकारी ने बताया कि मौके पर पहुंचकर देखा गया तो पूरी बस में आग फैल गई थी। दमकल की टीम ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घटना में गनीमत यह रही की इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। बस में सवार सभी छात्रों को समय रहते बाहर निकाल दिया गया था। सभी सुरक्षित हैं। पुलिस और दमकल अधिकारी आग लगने की वजह की जांच में जुटे हुएं है। बता दें कि स्कूल की ये बस एक एसी बस थी। अनुमान लगाया जा रहा है कि एसी में किसी फॉल्ट के कारण आग लगी होगी। लेकिन अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की गई है। आग लगने की वजह की जांच की जा रही है।
