Ghaziabad News: गाजियाबाद का एलिवेटेड रोड हर सप्ताह चर्चा में बना रहता है। इसका सबसे बड़ा कारण इस रोड पर युवाओं द्वारा किया जाने वाला स्टंटबाजी। कोई इस रोड को पिकनिक स्पॉट बताता है तो कोई इसे सोशल मीडिया रोड। दरअसल, इस रोड पर गाजियाबाद और दिल्ली के युवा अपने वाहनों से स्टंटबाजी कर सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाते हैं। ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ा कर बनाते जाने वाले इन वीडियो ने पुलिस के नाक में दम कर रखा है। पुलिस को इसकी भनक तब लगती है, जब वीडियो वायरल हो जाता है। इन युवाओं पर नकेल कसने और इस एलिवेटेड रोड को सुरक्षित बनाने के लिए गाजियाबाद पुलिस बड़ी पहल करने जा रही है।
गाजियाबाद की ट्रैफिक पुलिस अब अपने कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) फंड से इस एलिवेटेड रोड पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने जा रही है। इस 10.5 किमी लंबे एलिवेटेड रोड के दोनों तरफ अब हर 500 मीटर पर एक कैमरा लगाया जाएगा। पूरे एलिवेटेड रोड पर कुल 22 कैमरे लगाए जाएंगे। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, इस जगह पर पहले नगर निगम द्वारा कैमरे लगाए जाने थे, लेकिन अभी तक निगम ने कोई पहल नहीं की। जिसकी वजह से ट्रैफिक पुलिस अब अपने फंड से कैमरे लगवाने जा रहा है। यहां पर फरवरी माह के दूसरे सप्ताह से कैमरे लगने शुरू हो जाएंगे।
