Ghaziabad: गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट बन चुका है, लेकिन इसके बाद भी यहां पर बदमाशों में पुलिस का खौफ नजर नहीं आ रहा है। बेखौफ बदमाश पुलिस के सामने ही वारदात को अंजाम देने से नहीं हिचक रहे हैं। ऐसा ही एक मामला संजयनगर सेक्टर 23 पुलिस चौकी से आया है। यहां पर डीडीपीएस के एक छात्र का कुछ बदमाशों ने अगवा करने की कोशिश की। जब साथ में जा रहे दोस्त ने उसे बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उस पर जानलेवा हमला बोल दिया। आरोपियों ने छात्र के सिर पर गमले से वार किया। जिससे उसका सिर और कान पर गंभीर चोटे आई। इसके बाद आरोपियों ने छात्र को जबरन अपनी कार में बैठाकर अपने साथ ले जाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि, छात्र की चीखने की आवाज सुनकर पास की एक महिला वहां पहुंचकर आरोपियों से भिड़ गई और छात्र को अगवा होने से बचाया।
इस मामले में न्यू फ्रेंड्स कालोनी की रहने वाली अनिता की तरफ से पुलिस में शिकायत देकर मामला दर्ज कराया गया है। अनिता ने बताया कि, उनका बेटा तनिष्क अपने दोस्त विकास के साथ पैदल ही स्कूल से घर आ रहा था। जब दोनों संजयनगर सेक्टर 23 पुलिस चौकी के पास पहुंचे तो पीछे से दो कारों में सवार होकर आए 10 से 12 लोग पहुंचे और विकास के साथ मारपीट करते हुए उसे जबरन कार में बैठाने लगे। यह देख तनिष्क ने अपने दोस्त को बचाने का प्रयास शुरू कर दिया। जिसके बाद आरोपितों ने विकास को छोड़ तनिष्क को पीटना शुरू कर दिया। मौका देश विकास वहां से बचकर भाग गया।
