Meerut News: मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र के तेजगढ़ी चौराहे के पास स्थित एक होटल में चार छात्रों के साथ कथित रूप से ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर के निकट संबंधियों द्वारा मारपीट और अपमानजनक व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। बताया गया है कि घटना के दौरान पुलिस मौजूद थी, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों ने छात्रों को सड़क पर नाक रगड़ने और गालियां देने जैसी हरकत की। इस घटना ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र के तेजगढ़ी में ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर के कार्यालय के नीचे स्थित एक होटल में चार कॉलेज छात्र खाने के दौरान विवाद का शिकार हो गए। बताया गया है कि यह विवाद गाड़ी हटाने को लेकर शुरू हुआ।
अखिलेश यादव ने साधा भाजपा पर निशाना
अधिकारियों के अनुसार, दूसरे पक्ष के युवक खुद को मंत्री का करीबी बताते हुए छात्रों को धमकाने लगे। मामला बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गया। घटना के समय पुलिस भी मौके पर मौजूद थी, लेकिन आरोपियों ने उनकी मौजूदगी के बावजूद छात्रों के साथ सड़क पर नाक रगड़ने और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। इस मामले में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि, BJP के लोग सत्ता के अहंकार में चूर, बीजेपी किसी को अपमानित करने से नहीं चूकती।
इस घटना ने न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं बल्कि पुलिस की भूमिका पर भी गंभीर बहस छेड़ दी है। पुलिस ने कहा कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना को स्थानीय लोग गुंडागर्दी का मामला मान रहे हैं।
