शहर

Ghaziabad News: हिंडन पर बनेगा एक और पुल, सिद्धार्थ विहार को मिलेगी कनेक्टिविटी

Ghaziabad News: दिल्ली से सटे NCR के प्रमुख शहर गाजियाबाद में हिंडन बैराज के पास चार लेन का पुल बनाने की वर्षों पुरानी मांग को सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। इस पुल के निर्माण से इलाके को भारी ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

Image

गाजियाबाद में बनेगा नया हिंडन ब्रिज (Photo - AI Image)

Ghaziabad News: गाजियाबाद के लोगों के लिए खुशखबरी है, क्योंकि उनकी वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। जी हां, हिंडन बैराज के पास 4 लेन का पुल बनाने की वर्षों पुरानी मांग को आवास एवं विकास परिषद की बैठक में सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। इस पुल के बन जाने से हिंडन बैराज के पास रोज जाम और लंबी कतार से जूझने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इलाके को भारी ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी। चलिए इस बारे में और जानते हैं -

गाजियाबाद में हिंडन बैराज के पास 4 लेन के पुल का प्रस्ताव बोर्ड की अगली बैठक में रखा जाएगा। इस पुल का बनाने में लगभग 51 करोड़ रुपये का खर्च होगा। बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद इसका काम भी शुरू कर दिया जाएगा। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के किनारे बसे सिद्धार्थ विहार आवासीय योजना गाजियाबाद की प्राइम लोकेशन है। यहां से दिल्ली-नोएडा से साथ ही मेरठ और हापुड़ के लिए भी सीधी कनेक्टिविटी है।

सिद्धार्थ विहार से गाजियाबाद जंक्शन के साथ ही पुराने शहर में आना-जाना भी आसान है। लेकिन इंदिरापुरम, वसुंधरा, मोहननगर और हिंडन एयरपोर्ट की ओर जाने वाले लोगों को यहां पर रोज लंबे जाम से जूझना पड़ता है। अभी हिंडन बैराज के पास एक लेन का संकरा पुल है, जिससे एक बार में एक वाहन ही निकल पाता है। इसकी वजह से इस तरफ आने वाले लोगों को रोज घंटों जाम से जूझना पड़ता है। पीक आवर्स में तो यहां पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।

सिद्धार्थ विहार योजना को होगा फायदा

लंबे समय से लोगों की मांग थी कि हिंडन बैराज पर चार लेन का पुल बनाया जाए। इस मांग को ध्यान में रखते हुए पिछले साल आवास आयुक्त डॉ. बलकार सिंह ने जांच करके सर्वे करने का आदेश दिया था। परिषद ने अब सर्वे करके सेतु निगम को यहां पुल बनाने के लिए चिट्ठी लिखी है। सेतु निगम ने भी फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करके भेज दी थी। इसके बाद परिषद ने डीपीआर के साथ प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा। बुधवार 7 जनवरी 2026 को लखनऊ में आवास आयुक्त डॉ. बलकर सिंह ने यहां पर 4 लेन का 200 मीटर लंबा पुल बनाने की सैद्धांतिक सहमति दे दी।

एक साल में बनकर तैयार हो जाएगा पुल

इस पुल के बनने से न सिर्फ आम लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि सिद्धार्थ विहार योजना को भी बड़ा फायदा होगा। उम्मीद की जा रही है कि बोर्ड बैठक में यह प्रस्ताव आसानी से पास हो जाएगा। अब हर किसी को फरवरी-मार्च में प्रस्तावित बोर्ड बैठक का इंतजार है। प्रस्ताव पास होने के बाद परिषद की तरफ से सेतु निगम को रकम का भुगतान होगा और फिर निर्माण शुरू हो जाएगा। इस पुल के निर्माण में लगभग 1 साल का समय लगेगा।

कहां पर बनेगा नया पुल

हिंडन बैराज के समानांतर बनने वाला यह 200 मीटर लंबा पुल सिद्धार्थ विहार को वसुंधरा से जोड़ेगा। इस पुल के बन जाने से सिद्धार्थ विहार में रहने वाली एक बड़ी आबादी को जाम के झाम से निजात मिलेगी। उनका इंदिरापुरम और वसुंधरा जाना आसान हो जाएगा। फिलहाल लोगों को NH9 का इस्तेमाल करना पड़ता है, जिसके चलते वह सिद्धार्थ विहार और सेक्टर 62 कट पर जाम में फंसने को मजबूर होते हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article