Ghaziabad News: दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख शहर गाजियाबाद के नीति खंड-2 (Niti Khand 2) में आज यानी मंगलवार 5 मई को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां तीन मंजिला एक इमारत में भीषण आग लग गई। यह बिल्डिंग नीति खंड-2 में प्लॉट नंबर 495 में बनी है। हालांकि, अभी तक हताहतों के बारे में जानकारी नहीं है, लेकिन आग ने विक्राल रूप ले लिया और बिल्डिंग से उठता काला धुंआ दूर तक देखा जा सकता है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार बेसमेंट में कर्मचारी के घर सिलेंडर से लगी आग ने इतना विकराल रूप ले लिया। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 2 गाड़ियां तुरंत ही मौके पर पहुंच गई। आग बुझाने की कोशिशें शुरू हुईं और आग पर काबू पा लिया गया। चीफ फायर ऑफिसर ने इस घटना में किसी के हताहत होने की बात से इनकार किया है। गर्मियों में आग लगने की कई घटनाएं देशभर में अक्सर सामने आती रहती हैं, जिससे काफी जानमाल का नुकसान होता है।
बता दें कि इससे पहले बुधवार 29 अप्रैल 2026 को गाजियाबाद की ही एक आठ मंजिला रिहायशी इमारत में आग लग गई थी। गाजियाबाद में इंदिरापुरम पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत 'गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी' में सुबह के समय अचानक आग भड़क गई थी। आठवीं मंजिल पर लगी आग ने देखते ही देखते तेजी से फैलते हुए विकराल रूप धारण कर लिया।
बुधवार सुबह लगी उस आग से पूरी सोसायटी और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। आग तेजी से फैली और 7-8 फ्लैट इसकी चपेट में आ गए। अचंभे की बात है कि सोसाइटी में ऐसी आग से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम नहीं थे। दमकल विभाग ने मुख्यालय को भेजी रिपोर्ट में बताया है कि सोसायटी में अतिक्रमण के कारण आग बुझाने में परेशानी हुई।
