शहर

हमें खेद है! आज सभी उड़ानें रद्द रहेंगी...बर्फबारी-बारिश के कारण श्रीनगर एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी

श्रीनगर हवाई अड्डे पर खराब मौसम के कारण सभी उड़ानों को आज के लिए रद्द कर दिया गया है। एयरपोर्ट की ओर से यात्रियों से कहा गया है कि नवीनतम जानकारी एवं वैकल्पिक व्यवस्थाओं के लिए अपनी संबंधित एयरलाइनों से संपर्क करें। इस असुविधा के लिए हमें खेद है।

Image

श्रीनगर एयरपोर्ट पर फ्लाइट कैंसिल

कश्मीर घाटी में शुक्रवार को हुई ताज़ा बर्फबारी ने पूरे इलाके को सफेद चादर में ढक दिया। लगातार हो रहे हिमपात और खराब मौसम का सबसे ज्यादा असर हवाई और सड़क यातायात पर पड़ा है। श्रीनगर सहित घाटी के कई इलाकों में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, जबकि ठंड में भी तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। खराब मौसम के चलते श्रीनगर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर फ्लाइट ऑपरेशंस बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। अगर इसी तरह बर्फबारी होती रही तो कई दिनों तक लगातार विमान सेवाएं स्थगित हो सकती हैं। खराब मौसम की पूर्वानुमान स्थिति को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के हित में शुक्रवार के लिए श्रीनगर एयरपोर्ट पर सभी उड़ान संचालन रद्द कर दिए गए हैं। लिहाजा, यात्रियों से अनुरोध है कि नवीनतम जानकारी एवं वैकल्पिक व्यवस्थाओं के लिए अपनी संबंधित एयरलाइनों से संपर्क करें। हुई असुविधा के लिए हमें खेद है।

टेकऑफ-लैंडिंग मुश्किल

न्यूज एजेंसी आईएनएस के हवाले से अधिकारियों के मुताबिक खराब दृश्यता और रनवे पर जमी बर्फ के कारण न तो उड़ानों की लैंडिंग हो सकी और न ही टेकऑफ। एयरलाइंस ने यात्रियों को उड़ानों में देरी और रद्द होने की चेतावनी दी है और यात्रियों से अपनी-अपनी एयरलाइंस से संपर्क में रहने की अपील की गई है। हालांकि, ताजा जानकारी के अनुसार सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने श्रीनगर हवाई अड्डे के रनवे को बर्फ हटाने के बाद ऑपरेशंस के लिए मंजूरी दे दी है, जिससे आने वाले समय में उड़ानों के धीरे-धीरे बहाल होने की उम्मीद है।

वहीं सड़क यातायात की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को नवयुग टनल के पास एहतियातन बंद कर दिया गया है। इसके अलावा मुगल रोड और सिंथन रोड भी कई स्थानों पर भारी बर्फ जमने के कारण बंद हैं। जम्मू-कश्मीर ट्रैफिक पुलिस ने फिसलन और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया है। सड़कें खुलने का निर्णय मौसम में सुधार और बर्फ हटाने के बाद ही लिया जाएगा।

लगातार बंद सड़क और हवाई सेवाओं के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई यात्रियों ने आरोप लगाया है कि उड़ान सेवाएं बंद होने के चलते हवाई किरायों में भारी बढ़ोतरी हो गई है, जिससे आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

श्रीनगर में कब तक होगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार श्रीनगर और आसपास के इलाकों में अभी भी भारी बर्फबारी जारी है। मौजूदा हालात को देखते हुए यातायात व्यवस्था के पूरी तरह सामान्य होने में अपेक्षा से अधिक समय लग सकता है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम से जुड़े दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article