शहर

सूनी रह गई भाई की कलाई, रास्ते में मिली बहन की लाश... रक्षाबंधन पर घर लौट रही आरती की दुष्कर्म के बाद हत्या

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के थाना शिकोहाबाद क्षेत्र में रक्षाबंधन पर गुड़गांव से अपने घर लौट रही आरती नाम की युवती की दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई। परिजनों ने पड़ोसी गांव के युवक नितिन यादव और युवती की सहेली पर इस वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है।

Image

शिकोहाबाद में दिल दहला देने वाली वारदात

Photo : Times Now Digital

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर त्यौहार मनाने अपने घर आ रही एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना के सामने आने के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुतकपुर शेरपुर गांव की रहने वाली युवती आरती हरियाणा के गुड़गांव की एक ब्लैंकेट कंपनी में काम करती थी। वह बुधवार को रक्षाबंधन की छुट्टी लेकर अपने घर आने के लिए निकली थी। रास्ते में देर हो जाने के कारण वह रात में शिकोहाबाद में रहने वाली अपनी एक सहेली के घर रुक गई थी। परिजनों को लगा कि वह सुरक्षित है, लेकिन अगली सुबह पुलिस के जरिए उन्हें आरती के एक्सीडेंट होने की सूचना मिली।

परिजनों का आरोप

सूचना मिलते ही जब रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। परिजनों का दावा है कि यह कोई सड़क हादसा नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश के तहत अंजाम दी गई वारदात है। पीड़ित परिवार ने सीधा आरोप लगाया है कि आरती के साथ दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी पहचान छिपाने या मामले को दबाने के लिए उसकी हत्या कर दी गई। परिजनों ने पड़ोसी गांव के रहने वाले नितिन यादव, उसके साथियों और आरती की सहेली पर इस पूरी वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई है।

पुलिस ने क्या बताया?

घटना की गंभीरता को देखते हुए शिकोहाबाद थाना पुलिस और अपर पुलिस अधीक्षक अनुज चौधरी तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हर पहलू से मामले की गहराई से छानबीन कर रही है और आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article