Mohali News: पंजाब के मोहाली स्थित सेक्टर-79 में आयोजित कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब अज्ञात मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस घटना की सूचना मिलते ही मोहाली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस के अनुसार, सोहाना में खेल चल रहा था तभी दो-तीन अज्ञात व्यक्ति ने गोलियां चलाना शुरू कर दिया। इस हमले में कबड्डी खिलाड़ी राणा बलाचौरिया और प्रमोटर गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्हें फोर्टिस हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकीय जांच के तुरंत बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
बंबीहा गैंग ने ली हमने की जिम्मेदारी
इसी बीच, पंजाब के मोहाली में कबड्डी खिलाड़ी राणा बलाचौरिया और एक कबड्डी प्रमोटर की हत्या की जिम्मेदारी बंबीहा गैंग ने ली है। सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में गैंग ने दावा किया कि यह हमला सिद्धू मूसेवाला की हत्या का बदला लेने के लिए किया गया। पोस्ट में कहा गया कि मोहाली कबड्डी कप के दौरान राणा बलाचौरिया की हत्या की जिम्मेदारी डोनीबल, सगनप्रीत, मोहब्बत रंधावा, अमर खब्बे, प्रभदासुवाल और कौशल चौधरी ने ली है। इसके अनुसार, राणा बलाचौरिया एंटी-जग्गू और लॉरेंस के साथ संपर्क में था और उसने मूसेवाला के हत्यारों को मदद और सुरक्षित ठिकाना दिलवाया था।
सिद्धू मूसेवाला की हत्या का बदला
सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया कि राणा बलाचौरिया की हत्या सिद्धू मूसेवाला की हत्या का बदला लेने के लिए की गई थी। पोस्ट में कहा गया कि इस काम को उनके साथियों मक्खन अमृतसर और डिफॉल्टर ने अंजाम दिया। इसमें स्पष्ट किया गया कि कबड्डी में जग्गू और हैरी का किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप स्वीकार्य नहीं है। साथ ही खिलाड़ियों और उनके माता-पिता से अपील की गई है कि वे किसी भी स्थिति में जग्गू और हैरी की टीम के साथ न खेलें, अन्यथा परिणाम भुगतने होंगे। पोस्ट में यह भी लिखा गया कि उनके लिए कबड्डी से कोई एलर्जी नहीं है, लेकिन केवल जग्गू और हैरी की टीम में हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
