शहर

ठाणे की 16 मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, धुएं से मची अफरातफरी, 70 से 80 लोगों को किया गया रेस्क्यू

महाराष्ट्र के ठाणे में रविवार सुबह 16 मंजिला आवासीय इमारत में लगी आग से इलाके में अफरातफरी मच गई। इलेक्ट्रिकल डक्ट में शॉर्ट सर्किट के बाद फैले घने धुएं के बीच दमकल और आपदा प्रबंधन टीम ने करीब 70 से 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

Image

ठाणे के सनराइज ग्लोरी अपार्टमेंट में आग का तांडव (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : iStock

Thane Building Fire: महाराष्ट्र के ठाणे शहर में रविवार सुबह एक 16 मंजिला आवासीय इमारत के इलेक्ट्रिकल डक्ट में आग लगने से अफरातफरी मच गई। हालांकि, दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन टीम की त्वरित कार्रवाई के चलते सभी निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

सुबह इतने बजे लगी आग

अधिकारियों के अनुसार, शिलफाटा इलाके स्थित सनराइज ग्लोरी अपार्टमेंट में सुबह करीब 9:20 बजे आग लगने की सूचना मिली। बताया गया कि आग इमारत के पहले से छठे फ्लोर तक फैले इलेक्ट्रिकल डक्ट में लगी, जिससे घना धुआं पूरे कॉरिडोर और सीढ़ियों में फैल गया। बताया जा रहा है कि धुएं के कारण इमारत में रहने वाले लोगों के बीच कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया।

लिफ्ट में फंसे निवासी को निकाला गया

ठाणे नगर निगम (टीएमसी) के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग, आपदा प्रबंधन दल और बिजली कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। जानकारी के मुताबिक बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण छठी मंजिल पर लिफ्ट में फंसे निवासी फिरोज खान को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि उन्हें किसी प्रकार की चोट नहीं आई।

70 से 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया

बचाव अभियान के दौरान इमारत के अलग-अलग मंजिलों पर रह रहे करीब 70 से 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दमकल कर्मियों ने कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह इलेक्ट्रिकल डक्ट में हुए शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है। एहतियात के तौर पर पूरी इमारत की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। फिलहाल अधिकारी मामले की विस्तृत जांच में जुटे हुए हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article