शहर

Noida Fire: सेक्टर 76 मेट्रो के पास 'नमश्कार स्वीट्स' में लगी आग, जिम और बैंक्वेट हॉल हुए खाक; भारी नुकसान की आशंका

नोएडा के सेक्टर 76 मेट्रो स्टेशन के पास शुक्रवार तड़के 4 बजे 'नमश्कार स्वीट्स' में भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड की चपेट में आकर एक जिम, बैंक्वेट हॉल और विशाल मेगा मार्ट का एक हिस्सा बुरी तरह जल गया है। करीब 20 दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

Image

दमकल की 20 गाड़ियों ने आग पर पाया काबू

Photo : Times Now Digital

Noida Fire: शुक्रवार की सुबह जब शहर गहरी नींद में था, तब सेक्टर 76 मेट्रो स्टेशन के नीचे स्थित 'नमश्कार स्वीट्स' में भीषण आग लग गई। सेक्टर 49 थाना क्षेत्र के तहत आने वाले इस इलाके में तड़के करीब 4 बजे लगी इस भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के प्रतिष्ठानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

आग की चपेट में आए जिम और बैंक्वेट हॉल

मिली जानकारी के मुताबिक, आग नमश्कार स्वीट्स से शुरू हुई और तेजी से ऊपर की मंजिलों तक फैल गई। इसकी चपेट में आकर पास का एक जिम और बैंक्वेट हॉल पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग इतनी भीषण थी कि बगल में स्थित विशाल मेगा मार्ट का एक हिस्सा भी इसकी जद में आ गया। इस अग्निकांड में रखे सामान को भारी नुकसान पहुंचा है।

कड़ी मशक्कत के बाद काबू हुई आग

SHO सुनील कुमार भारद्वाज के मुताबिक, सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए एक के बाद एक करीब 20 दमकल की गाड़ियों को तैनात किया गया। भीषण आग और धुएं के गुबार के बीच फायर फाइटर्स ने जान जोखिम में डालकर घंटों तक जद्दोजहद की, तब कहीं जाकर सुबह तक आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। चीफ फायर ऑफिसर (CFO) प्रदीप कुमार ने बताया कि कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है। हालांकि उजाला होने के बाद अब भी कहीं-कहीं आग सुलग रही है। तस्वीरों में देखिए-
noida fire namashkar sweets.

आग की चपेट में आने से जला बिल्डिंग का हिस्सा

Noida fire metro 76.

भारी नुकसान की आशंका

आग के कारण का अभी पता नहीं

इस अग्निकांड में किसी के हताहत होने की फिलहाल कोई खबर नहीं है, लेकिन लाखों की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीमें शॉर्ट सर्किट या अन्य संभावित कारणों की जांच करके इस घटना की तह तक पहुंचेंगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article