शहर

Old London House: नैनीताल के 'ओल्ड लंदन हाउस' में फिर लगी आग, दो महीने के अंदर दूसरी घटना

Nainital's Old London House: पुलिस के मुताबिक, आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को कारण माना जा रहा है।

Image

नैनीताल के 'ओल्ड लंदन हाउस' में फिर लगी आग (फाइल फोटो:canva)

Nainital's Old London House: उत्तराखंड के नैनीताल स्थित 150 साल से ज्यादा पुरानी इमारत ‘ओल्ड लंदन हाउस’ में सोमवार रात को एक बार फिर आग लग गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।इस इमारत में करीब दो महीने पहले 27 अगस्त को भी आग लगी थी, जिसमें एक बुजुर्ग महिला की झुलसकर मौत हो गयी थी।पुलिस ने बताया कि आग सोमवार देर रात करीब ढ़ाई बजे इमारत के उसी हिस्से में लगी, जो पिछली बार लगी आग में बमुश्किल थोड़ा बहुत बच गया था।

‘ओल्ड लंदन हाउस’, मल्लीताल क्षेत्र में मोहनको चौराहे पर स्थित है।इमारत से उंची-उंची लपटें दिखाई देने के बाद तत्काल दमकल विभाग को सूचित किया गया और आग पर काबू पाने में करीब सवा घंटा लग गया।पुलिस ने बताया कि इमारत के भूतल पर स्थित ‘कनौजिया फर्नीचर’ की एक दुकान भी आग की चपेट में आ गयी, जिसमें रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।

आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है

पुलिस के मुताबिक, आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को कारण माना जा रहा है।स्थानीय लोगों ने बताया कि दमकल वाहन मौके पर पहुंचे लेकिन पिछली बार की तरह इस बार भी ‘हाइड्रेंट’ (फायर पंप) में पानी का प्रेशर नहीं था और इस वजह से आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को खासा संघर्ष करना पड़ा।

27 अगस्त को लगी आग में शांता बिष्ट की मौत हो गयी थी

पुलिस के मुताबिक, इस इमारत की दूसरी और तीसरी मंजिल पर 27 अगस्त को लगी आग में 82 वर्षीया शांता बिष्ट की मौत हो गयी थी।

बिष्ट, प्रसिद्ध पर्यावरणविद और इतिहासकार डॉ. अजय रावत की बहन थीं।अब दो महीने बाद दीवाली के मौके पर उसी इमारत में लगी आग ने कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है।स्थानीय लोग एक ही इमारत में बार-बार हो रही इस तरह की घटनाओं से चिंतित भी नजर आ रहे हैं।

मल्लीताल थानाध्यक्ष हेम चंद्र पंत ने बताया कि पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

उन्होंने बताया कि अगर कोई संदिग्ध गतिविधि पायी जाती है तो दोषी व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।पड़ोसियों के साथ मिलकर आग को बुझाने में मदद करने वाले पवन व्यास ने बताया कि अगर फायर पंप में पर्याप्त प्रेशर होता तो आग पर कम समय में ही काबू पाया जा सकता था और एक बड़ा नुकसान टाला जा सकता था।नैनीताल को ब्रिटिश काल के दौरान ग्रीष्म्कालीन राजधानी के रूप में विकसित किये जाने के दौरान 1863 में ‘ओल्ड लंदन हाउस’ का निर्माण किया गया था। ‘ओल्ड लंदन हाउस’ उस दौर में यहां बनी कई शानदार इमारतों में से एक थी।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article