शहर

साथ बैठकर शराब पी और फिर पिता ने अपने ही 'खून' का खून कर दिया

मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने शराब के नशे में अपने ही बेटे को मौत के घाट उतार दिया। बेटे को मारने से पहले दोनों ने मिलकर एक साथ शराब पी और फिर बेटे को मारकर आरोपी फरार हो गया।

Image

उज्जैन में पिता ही बना बेटे का काल

शराब एक सामाजिक बुराई है, जिसे सामाजिक मान्यता भी मिली हुई है। शराब के नशे में व्यक्ति ऐसे-ऐसे कुकर्म कर जाता है कि इंसानियत ही शर्मसार हो जाती है। ऐसा ही एक मामला मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन से सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपने ही बेटे को मौत की नींद सुला दिया।

कहते हैं जब पिता का जूता बेटे के पांव में आने लगे तो समझ लें वह बड़ा हो गया है। इसके बाद पिता बेटे से जोर जबरदस्ती नहीं कर सकता। लेकिन उज्जैन के पावसा थाना क्षेत्र से जो दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। उसके अनुसार पिता ने बड़ी ही बेरहमी से अपने ही खून का खून कर दिया।

शराब पीने का आदी है आरोपी

जानकारी के अनुसार आरोपी पिता शराब पीने का आदी है। वह अक्सर शराब के नशे में घर पर पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट किया करता था। वारदात के दिन उसने पत्नी को मायके भेज दिया। रात को पिता-पुत्र ने साथ में बैठकर शराब पी। इस बीच जब घर के अन्य सदस्य सो गए तो आरोपी ने बाथरूम में अपने ही छोटे बेटे विशाल का गला घोंट दिया।

बेटे को मौत की नींद सुला दिया

जब आरोपी पिता राय सिंह सोलंकी अपने बेटे का गला दबा रहा था, उस समय विशाल काफी छटपटाया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। बाद में विशाल ने दम तोड़ दिया। इस तरह एक पिता अपने ही बेटे को मौत की नींद सुलाकर उसका हत्यारा बन गया।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

बेटे विशाल को मौत के घाट उतारने के बाद पिता राय सिंह सोलंकी वहां से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक विशाल के शव का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की कई टीमें आरोपी पिता राय सिंह सोलंकी की तलाश में जुटी हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article