Fatehepur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां रिंद नदी में नहाने गए 9 दोस्तों में से चार युवकों की डूबने से मौत हो गई। वहीं तीन युवकों को गोताखोरों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गहरे पानी में जाने से डूबे 4 लोग
यह घटना ललौली थाना क्षेत्र के कुनुहा का डेरा गांव के पास रिंद नदी में हुई। जानकारी के अनुसार गांव के कुल 9 युवक नदी किनारे घूमने और नहाने पहुंचे थे। जिनमें से 7 युवक पानी में उतर गए। नदी में नहाने के दौरान वे लोग गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके और अचानक सभी गहरे पानी में चले गए। यह सब इतनी जल्दी हुआ कि उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला और सभी डूबने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया।
3 लोगों की जान बची
नदी में डूबे चार युवकों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं नितिन, मोनू और एक अन्य युवक को समय रहते पानी से बाहर निकाल लिया गया, जिससे उनकी जान बच गई। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान हसीब (22) पुत्र फरीद खान, शान मोहम्मद (20) पुत्र नफीस, साहिल (20) पुत्र सन्ने और अंश कुमार (20) पुत्र धर्मेंद्र उर्फ गोरे निवासी तपनी गांव के रूप में हुई है। युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
